भारत बनाम न्यूजीलैंड चोटिल ईशान किशन दूसरे टी20 से बाहर, कुमार कुशाग्र कवर के तौर पर टीम में हुए शामिल

भारत बनाम न्यूजीलैंड चोटिल ईशान किशन दूसरे टी20 से बाहर, कुमार कुशाग्र कवर के तौर पर टीम में हुए शामिल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के लिए भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन टीम से बाहर हो गए हैं। ईशान को जांघ के पास की मांसपेशियों (दाएं एडक्टर) में हल्की चोट लगी है।

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के लिए भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन टीम से बाहर हो गए हैं। ईशान को जांघ के पास की मांसपेशियों (दाएं एडक्टर) में हल्की चोट लगी है।

ईशान किशन की जगह पर कुमार कुशाग्र को टीम में कवर के तौर पर शामिल किया गया है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने एक विज्ञप्ति में बताया कि कुशाग्र, जो अभी भारत ए टीम के साथ क्राइस्टचर्च में हैं, दूसरे टी20 इंटरनेशनल के लिए भारतीय टीम से जुड़ेंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ईशान किशन की स्थिति पर लगातार नजर रखेगी। ईशान को यह चोट सीरीज के पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान लगी थी, जिसमें भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की थी।

बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, "ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उन्हें सीरीज के पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान दाएं एडक्टर में हल्की चोट लग गई थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।"

सीरीज के पहले मैच में ईशान नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए थे, जबकि तिलक वर्मा नंबर 3 पर उतरे थे। बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बैटिंग ऑर्डर में बदलाव के बारे में बताते हुए कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान को जांघ के ऊपरी हिस्से में चोट लगी थी। दूसरे टी20 में ईशान के न खेलने से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए प्लेइंग 11 में जगह बनाने का मौका बन सकता है।

कोटक ने पत्रकारों से कहा, "मैंने भी कई तरह की अटकलें सुनी हैं। बैटिंग ऑर्डर में बदलाव इसलिए किया गया था क्योंकि ईशान को जांघ के ऊपरी हिस्से में चोट लगी थी। अगर ईशान पूरी तरह ठीक नहीं होते हैं- जिस पर मेडिकल टीम सलाह देगी- और नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह वैभव (सूर्यवंशी) को निश्चित रूप से मौका मिल सकता है। वह सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं।"

दूसरे टी20 के लिए भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर)।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story