नोएडा पुलिस मुठभेड़ में मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी घायल, 12 मोबाइल और चोरी की स्कूटी बरामद

नोएडा, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-24 नोएडा क्षेत्र में शुक्रवार यानी 23 अक्टूबर को पुलिस और मोबाइल स्नैचिंग व चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, चोरी और छीनाझपटी के 12 मोबाइल फोन तथा एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को थाना सेक्टर-24 की टीम सेक्टर-35 स्थित गंदे नाले के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक संदिग्ध स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय स्कूटी तेज गति से चलाकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पीछा करने के दौरान आगे जाकर स्कूटी अनियंत्रित हो गई और नाले की दीवार से टकराकर गिर पड़ी। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू, निवासी ग्राम मोरना, थाना सेक्टर-24, नोएडा के रूप में की है। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की स्कूटी पर सवार होकर राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीनने और मौका मिलने पर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिट्ठू बैग बरामद किया, जिसमें चोरी और स्नैचिंग के 12 मोबाइल फोन रखे हुए थे। इसके अलावा उसके पास से चोरी की हीरो होंडा मेस्ट्रो स्कूटी भी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस बरामद मोबाइल फोन और स्कूटी के संबंध में जानकारी जुटाकर उनके वास्तविक मालिकों तथा संबंधित मामलों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आपराधिक इतिहास के अनुसार, सोनू के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में पहले से आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड देखते हुए उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन, स्कूटी और हथियार के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी की कितनी अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है तथा उसके साथ इस तरह की वारदातों में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
