भारत बनाम अफगानिस्तान टीम इंडिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, हर्ष-गुरनूर का डेब्यू, ओवरों में भारी कटौती
धर्मशाला, 13 जून (आईएएनएस)। भारत ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में जारी वनडे सीरीज के शुरुआती मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। बारिश के चलते ओवरों में 25-25 ओवरों की कटौती देखने को मिली है। इस मैच में टीम इंडिया 2 डेब्यूटेंट खिलाड़ियों के साथ उतरी है।
बारिश रुकने के बाद शाम 5 बजकर 15 पर टॉस हुआ, जबकि खेल शाम 5 बजकर 45 मिनट पर शुरू होगा। दोनों देश इस मुकाबले में 25-25 ओवर बल्लेबाजी करेंगे। इस दौरान 5 गेंदबाज 5-5 ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं, जबकि बैटिंग पावरप्ले 5 ओवर का होगा।
भारतीय टीम में बॉलिंग ऑलराउंडर हर्ष दुबे और तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू का मौका मिला है। हर्ष 27 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 1,026 रन बनाने के अलावा, 133 विकेट निकाल चुके हैं, जबकि लिस्ट-ए के 30 मुकाबलों में उन्होंने 31 विकेट के साथ 296 रन बनाए हैं। दुबे ने 38 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 34 विकेट हैं।
वहीं, गुरनूर बरार ने 18 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 52 विकेट हासिल किए हैं, जबकि 9 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 12 विकेट हैं। 10 टी20 मैच में बरार 10 विकेट हासिल कर चुके हैं।
टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। आसमान में थोड़े बादल हैं, इसलिए गेंदबाजों को कुछ मदद मिल सकती है। पिच अच्छी लग रही है, बल्लेबाजी के लिए बढ़िया विकेट है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिल सकती है। हमारा मकसद अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमाना है, ताकि पता चल सके कि हमारे लिए क्या काम करता है। हम वर्ल्ड कप से पहले लगभग 15-20 वनडे मैच खेल रहे हैं, इसलिए अलग-अलग चीजें आजमाने का मौका है। हम दो डेब्यूटेंट्स के साथ उतर रहे हैं। जायसवाल, प्रिंस और कुलदीप टीम में नहीं हैं।"
वहीं, अफगानी कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे, लेकिन यह हमारे हाथ में नहीं है। हमें बल्लेबाजी में अच्छी शुरुआत करनी होगी। हमने हाल के समय में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। यह पहली बार है, जब हम भारत में उनके घरेलू हालात में खेल रहे हैं। हम उत्साहित हैं और उम्मीद है कि हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे। टीम में तीन तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर हैं, जिनमें से एक तेज गेंदबाज ऑलराउंडर है।"
भारत की प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन: इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), राशिद खान, मोहम्मद सलीम सफी, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Jun 2026 5:31 PM IST












