भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में अफगानी कप्तान से हुई गलती, आईसीसी ने लगाया जुर्माना

भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में अफगानी कप्तान से हुई गलती, आईसीसी ने लगाया जुर्माना
भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार को चेन्नई में तीसरा वनडे मैच खेला गया, जिसमें आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन करने पर अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी को आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है।

दुबई, 21 जून (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार को चेन्नई में तीसरा वनडे मैच खेला गया, जिसमें आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन करने पर अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी को आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है।

आईसीसी ने एक बयान में कहा, "हशमतुल्लाह को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.10.10 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। यह नियम तब लागू होता है, जब कोई बल्लेबाज पिच को जानबूझकर या उससे बचा जा सकने वाला नुकसान पहुंचाता है।"

इसके अलावा, हशमतुल्लाह के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। यह 24 महीने की अवधि में उनका पहला अपराध था।

बल्लेबाजी के दौरान पिच पर दौड़ने के लिए दो बार अनौपचारिक चेतावनी मिलने के बाद, हशमतुल्लाह को अफगानिस्तान की पारी के 31वें ओवर में आधिकारिक चेतावनी दी गई थी, लेकिन फिर भी वे 40वें ओवर में पिच पर दौड़े, जिसके परिणामस्वरूप उनकी टीम पर पांच रन की पेनाल्टी लगाई गई।

मैच की बात करें तो, तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के पहले पांच-विकेट हॉल और यशस्वी जायसवाल के शानदार नाबाद शतक की बदौलत भारत ने 9 विकेट से बड़ी जीत हासिल की।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम 44.2 ओवरों में 218 रन पर सिमट गई। अफगानिस्तान के लिए हशमतुल्लाह शाहिदी ने 131 गेंदों में 14 बाउंड्री के साथ 102 रन बनाए। उनके अलावा, अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 50 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए।

इसके जवाब में टीम इंडिया ने 28.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। रोहित शर्मा ने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 170 रन की साझेदारी की। रोहित 79 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जायसवाल (नाबाद 110) ने श्रेयस अय्यर (नाबाद 20) के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन जुटाकर टीम को आसान जीत दिलाई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Jun 2026 11:28 PM IST

Tags

Next Story