विमेंस टी20 वर्ल्ड कप मारिजैन कप्प का ऑलराउंडर प्रदर्शन, साउथ अफ्रीका ने भारत को 6 विकेट से हराया
मैनचेस्टर, 21 जून (आईएएनएस)। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मैच में मारिजैन कप्प के शानदार प्रदर्शन के साथ साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। 2 विकेट लेने के बाद 81 रन की नाबाद पारी खेलने वालीं कप्प को ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका 'ग्रुप-ए' की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस टीम ने 3 में से 2 मैच अपने नाम किए हैं। वहीं, भारतीय टीम 3 में से 1 मैच गंवाकर दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत की हैट्रिक के साथ शीर्ष पायदान पर मौजूद है।
एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच 18 गेंदों में 30 रन की साझेदारी हुई। स्मृति मंधाना 12 गेंदों में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद शेफाली ने यास्तिका भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 रन जोड़े।
शेफाली ने 15 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 31 रन की पारी खेली। भारतीय टीम 83 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दीप्ति शर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।
हरमनप्रीत 22 गेंदों में 2 चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद दीप्ति शर्मा ने 29 रन और ऋचा घोष ने 15 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से मारिजैन कप्प और शबनीम इस्माइल ने 2-2 विकेट निकाले। नॉनकुलुलेको म्लाबा, अयाबोंगा खाका और नादिन डी क्लार्क ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 19.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस टीम ने 5.4 ओवरों में कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (20) और एनेरी डर्कसेन (0) के विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लगा कि भारत ने यहां से मैच में अपनी पकड़ बना ली है, लेकिन मारिजैन कप्प ने ताजमिन ब्रित्ज के साथ तीसरे विकेट के लिए 63 गेंदों में 97 रन जुटाते हुए मैच साउथ अफ्रीका की पक्ष में ला दिया।
ताजमिन 36 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 40 रन बनाकर आउट हुईं। 17.5 ओवर में टीम को नादिन डी क्लार्क (5) के रूप में चौथा झटका लगा, लेकिन तब तक मैच भारत के हाथों से फिसल गया था।
मारिजैन कप्प 45 गेंदों में 4 छक्कों और 7 चौकों के साथ 81 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि क्लो ट्रायोन ने 4 गेंदों में नाबाद 10 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से श्री चरणी ने 24 रन देकर 3 विकेट निकाले। एक विकेट शेफाली वर्मा के हाथ लगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Jun 2026 11:07 PM IST












