भारत के लिए खेलने से पहले वैभव सूर्यवंशी को फील्डिंग सुधारनी होगी मोहम्मद कैफ
नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि भारत की सीनियर नेशनल मेंस टीम के लिए खेलने से पहले 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अपनी फील्डिंग स्किल्स को बेहतर करने की जरूरत है।
रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में खराब फील्डिंग करते हुए दिखाई दिए, जिसके चलते आरआर के गेंदबाज डीसी के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके। डीसी ने 193 रनों के लक्ष्य को आसानी से चेज कर लिया।
कैफ ने 'जियोहॉटस्टार' संग बात करते हुए कहा, "मेरा मानना है कि स्काउट्स को खिलाड़ियों की स्काउटिंग करते समय फील्डिंग टेस्ट भी लेना चाहिए। स्काउट्स सही खिलाड़ी ला रहे हैं; वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन मैंने वैभव सूर्यवंशी को अभी तक एक भी कैच लेते नहीं देखा है। अगर वह भारत के लिए खेलना चाहते हैं, तो उन्हें अपनी फील्डिंग सुधारनी होगी। उन्हें पहले वह फील्डिंग टेस्ट पास करना होगा।"
कैफ ने आगे कहा, "जो गेंद उनकी तरफ आई वह अच्छी ऊंचाई पर थी। मैं समझता हूं कि जब कोई बल्लेबाज फ्लिक शॉट खेलता है, तो कैच लेना कभी-कभी फील्डर के लिए मुश्किल हो सकता है क्योंकि यह एक ब्लाइंड स्पॉट बन जाता है, खासकर जब गेंद बल्ले से लगती है। हालांकि, साहिल पारख ने जो शॉट खेला, उसमें गेंद सूर्यवंशी के पास अच्छी ऊंचाई पर आई थी।"
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि सूर्यवंशी फील्डिंग के लिहाज से अभी पूरी तरह से तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा, "सूर्यवंशी ने उस कैच को लेने के लिए सही पोजीशन में आकर बहुत अच्छा काम किया, लेकिन वह इस कैच को पूरा नहीं कर सके। सूर्यवंशी को वह कैच लेने के लिए कूदने की कोई जरूरत नहीं थी। उन्हें बस इसे अपनी कमर के पास लेना था, लेकिन वह चूक गए। वैभव बल्ले से वाकई टैलेंटेड है, इसमें कोई शक नहीं, पर जब फील्डिंग की बात आती है, तो वह अभी भी तैयार नहीं है।"
हालांकि, बल्लेबाजी में वैभव दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी अच्छी लय में दिखाई दिए। उन्होंने महज 21 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। वैभव इस सीजन 12 मुकाबलों में 234 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 486 रन बना चुके हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 2:53 PM IST












