भारत के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह, बिक चुके हैं 50 हजार से ज्यादा टिकट
वेलिंगटन, 9 सितंबर (आईएएनएस)। भारत की टीम के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर क्रिकेट फैंस में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया है कि आगामी घरेलू इंटरनेशनल सीजन के लिए अब तक 50,000 से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया कि 'क्रिकेट नेशन' सदस्यों, स्काई ग्राहकों और एएनजेड ग्राहकों के लिए दो हफ्ते की प्री-सेल के बाद सोमवार से आम लोगों के लिए टिकटों की बिक्री शुरू कर दी गई। टिकटों की मांग काफी अधिक है, खासकर भारत के मैचों के लिए। भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले के लगभग 75 प्रतिशत टिकट पहले ही बिक चुके हैं।
भारत छह साल बाद न्यूजीलैंड का दौरा करने जा रहा है। दोनों टीमें 22 अक्टूबर से पांच टी20 इंटरनेशनल, पांच वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेंगी। टी20 इंटरनेशनल मैचों की मांग सबसे ज्यादा है। ईडन पार्क में लोगों की दिलचस्पी को देखते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट ने स्टेडियम की छठी टियर (ऊपरी मंजिल) की सीटें खोलने का फैसला किया है। ऐसा 2019 में भारत के न्यूजीलैंड दौरे के बाद पहली बार हो रहा है। ये अतिरिक्त सीटें 30 अक्टूबर को दोनों टीमों के बीच होने वाले चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए उपलब्ध होंगी।
हाल के वर्षों में स्टेडियम की छठी टियर बहुत कम मौकों पर खोली गई है। इससे पहले इसे 2015 क्रिकेट विश्व कप और 2018 में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए खोला गया था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैचों को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि इसी साल दोनों टीमें आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में आमने-सामने खेली थीं।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मार्केटिंग हेड टिम एलिस ने कहा कि बढ़ती मांग भारत के दौरे को लेकर लोगों के उत्साह को दिखाती है। एलिस ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "वर्षों बाद ईडन पार्क के सबसे ऊपरी हिस्से को खोल पाना वाकई रोमांचक है और यह इस दौरे को लेकर बढ़ रहे उत्साह को दर्शाता है।"
वह क्राइस्टचर्च में मिली प्रतिक्रिया से भी प्रभावित थे, जहां दूसरे टी20 इंटरनेशल मैच के टिकटों की बिक्री 75 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर चुकी है। उन्होंने कहा, "हैगली ओवल में होने वाले मैचों में हमेशा अच्छी-खासी भीड़ जुटती रही है, लेकिन इनमें से किसी एक मैच के लिए तीन-चौथाई से ज्यादा टिकटों का पहले ही बिक जाना वाकई बहुत बड़ी बात है।"
एलिस ने आगे कहा कि न्यूजीलैंड क्रिकेट इस दौरे के दौरान कई तरह की गतिविधियां आयोजित करने की तैयारी कर रहा है ताकि मैचों को दर्शकों के लिए और भी दिलचस्प बनाया जा सके। उन्होंने कहा, "हम इस दौरे से जुड़े कई कार्यक्रमों की योजना बनाने में जोर-शोर से जुटे हैं और मैच के दौरान कुछ रोमांचक गतिविधियां भी तैयार कर रहे हैं। हमें पूरा भरोसा है कि इनसे हर उम्र के दर्शकों को शानदार अनुभव मिलेगा।"
दिसंबर में बांग्लादेश की महिला टीम के दौरे से पहले, भारत का यह दौरा न्यूजीलैंड के इंटरनेशनल घरेलू समर सीजन की शुरुआत करेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Sept 2026 2:55 PM IST












