- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- 30 ग्रामीणों के संक्रमित होने के...
शहडोल न्यूज: 30 ग्रामीणों के संक्रमित होने के बाद जागा प्रशासन, पीएचई अमला पहुंचा

डिजिटल डेस्क शहडोल जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पंचायत बमुरा के बैगा आदिवासी बाहुल्य ग्राम कुर्रीटोला में हाल ही में करीब 30 ग्रामीणों के संक्रामक बीमारी की चपेट में आने का मामला उजागर होने के बाद पेयजल स्रोतों की शुद्धता को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। विशेष मेगा ड्राइव के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ने गांव में ग्रामीणों के उपयोग में आने वाले पेयजल स्रोतों की जांच की। जांच के बाद चार हैंडपंपों के पानी का क्लोरीनेशन कराया गया। संबंधित जल स्रोतों के पानी की जांच कर आवश्यकतानुसार क्लोरीनेशन कराया, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और पीने योग्य पानी मिल सके। गौरतलब है कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में विशेष मेगा ड्राइव के तहत सर्वे में पिछले दिनों कुर्रीटोला क्षेत्र में करीब 30 ग्रामीण संक्रामक बीमारी से प्रभावित पाए गए थे। प्रभावित ग्रामीणों का चिकित्सालय और स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से उपचार कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से बीमारी फैलने की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी। संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ा स्केबीज संक्रमण में खाज-खुजली तेजी से फैलती है और शरीर पर छोटे-छोटे दाने निकल आते हैं। प्रभावित व्यक्ति को लगातार खुजली होने से परेशानी होती है। संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से फैल सकता है। समय पर उपचार नहीं मिलने पर समस्या बढ़ सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार साफ-सफाई और संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाए रखना जरूरी है।
Created On :   9 Sept 2026 3:28 PM IST
Next Story












