शहडोल न्यूज: विश्वविद्यालय में एआर, डीआर और परीक्षा नियंत्रक से लेकर क्लर्क के कई पद खाली

विश्वविद्यालय में एआर, डीआर और परीक्षा नियंत्रक से लेकर क्लर्क के कई पद खाली
अधिकांश छात्रों की पढ़ाई पूरी हो गई पर उन्हे अंकसूची नहीं मिली
डिजिटल डेस्क शहडोल जहां 4 असिस्टेंट रजिस्ट्रार एआर होने चाहिए वहां 3 खाली, दो डिप्टी रजिस्ट्रार डीआर में दोनों खाली, परीक्षा नियंत्रक का पद खाली, ओएस के 6 पद खाली, लेखाधिकारी का पद खाली, कम्प्यूटर ऑपरेटर के 5, सहायक ग्रेड एक, दो व तीन के 6-6 पद खाली। यह हाल है पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय का। बड़ी बात यह है कि इन पदों के खाली रहने का सीधा नुकसान छात्रों को हो रहा है। अधिकांश छात्रों की पढ़ाई पूरी हो गई पर उन्हे अंकसूची नहीं मिली, क्योंकि अंकों के समायोजन से लेकर प्रिटिंग तक की गोपनीय प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। यहां से पढ़ाई कर दूसरे विश्वविद्यालय में पढ़ाई व नौकरी के लिए अप्लाई करने वाले छात्र अंकसूची व डिग्री सर्टिफिकेट नहीं मिलने से परेशान हैं। विश्वविद्यालय के चक्कर लगाते थक रहे हैं और हर बार जल्द समस्या दूर होने का आश्वासन लेकर मायूस लौट रहे हैं। प्रदेश सरकार का उच्च शिक्षा विभाग नहीं दे रहा ध्यान- विश्वविद्यालय प्रबंधन के प्रमुख बताते हैं कि खाली पदों को भरने के लिए प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग में एसीएस को कई बार पत्र लिखने के बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर रामशंकर का कहना है कि क्लर्क की भर्ती प्रक्रिया पूर्व में हुई थी तो उसमें कई त्रुटियां थी। तब भर्ती प्रक्रिया रद्द करने पर आवेदक न्यायालय चले गए और वहां से स्थिति स्पष्ट होने के बाद राज्य सरकार को भर्ती कर कर्मचारी भेजने कहा गया पर वह प्रक्रिया भी अब तक पूरी नहीं हुई।

Created On :   9 Sept 2026 3:37 PM IST

Tags

Next Story