- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- विशेषज्ञ चिकित्सक और स्टाफ की कमी...
शहडोल न्यूज: विशेषज्ञ चिकित्सक और स्टाफ की कमी बड़ी चुनौती

डिजिटल डेस्क शहडोल सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आसपास के 156 गांवों की स्वास्थ्य सेवाओं का भार है। सीमित संसाधनों और चिकित्सकीय स्टाफ की कमी के बीच अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था में सबसे बड़ी चुनौती विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। अस्पताल में किसी विशेषज्ञ चिकित्सक की नियमित पदस्थापना नहीं है। ऐसे में गंभीर और जटिल मामलों में मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों के लिए रेफर करना पड़ता है। सिंहपुर सीएचसी में महिला चिकित्सक डॉ. नंदिनी की हाल ही में नई पदस्थापना हुई है। बीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र सिंह मेडिकल ऑफिसर के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हालांकि उनकी मूल पदस्थापना मझगवां पीएचसी में है। बीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार सीमित संसाधनों के बावजूद उपलब्ध सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। अनेक पद हैं खाली- सिंहपुर सीएचसी पर 156 गांवों की स्वास्थ्य व्यवस्था का भार है। प्रतिदिन 100 से अधिक मरीजों की ओपीडी, नियमित भर्ती, सात पीएचसी और 62 उप स्वास्थ्य केंद्रों के नेटवर्क के बीच अस्पताल सीमित संसाधनों में सेवाएं दे रहा है। सिंहपुर के अंतर्गत सात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) आते हैं। खैरहा को छोडक़र शेष छह पीएचसी में मेडिकल ऑफिसर चिकित्सक पदस्थ हैं। वहीं क्षेत्र में कुल 62 उप स्वास्थ्य केंद्र हैं, जिनमें से लगभग 52 में सीएचओ पदस्थ हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों, पर्याप्त मेडिकल स्टाफ, बच्चों की गहन चिकित्सा सुविधा और पर्याप्त एंबुलेंस की कमी प्रमुख चुनौतियां हैं। इन सुविधाओं का भी अभाव- एंबुलेंस की उपलब्धता भी सीमित है। क्षेत्र में एक एंबुलेंस विधायक निधि से प्राप्त हुई है। सिंहपुर क्षेत्र में बच्चों के गंभीर मामलों के लिए गहन चिकित्सा इकाई (पीआईसीयू/बाल गहन चिकित्सा सुविधा) उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा 108 एंबुलेंस और दो जननी वाहन उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए मेडिकल ऑफिसर की संख्या भी बढ़ाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। - सिरौंजा के चिकित्सक को भी सिंहपुर में सेवाएं देने के लिए लगाया गया है। खैरहा में चिकित्सक नहीं है। बच्चों की यूनिट के लिए जगह मिलते ही भोपाल से स्वीकृति मिल जाएगी। -डॉ. राजेश मिश्रा, सीएमएचओ
Created On :   8 Sept 2026 1:34 PM IST
Next Story












