भारत की स्थिति कई देशों से बेहतर, पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर बोले छगन भुजबल
मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, केरोसिन वितरण, किसानों के बकाया भुगतान और नक्सलवाद जैसे कई अहम मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी केवल महाराष्ट्र या भारत की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया के सामने खड़ा संकट है।
छगन भुजबल ने कहा कि यूरोप, अमेरिका और जापान जैसे बड़े देशों में भी ईंधन की कीमतों को लेकर यही स्थिति बनी हुई है। उन्होंने इसके पीछे ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को बड़ी वजह बताया।
उन्होंने कहा कि इस तनाव के कारण बड़ी संख्या में तेल के जहाज समुद्र में फंसे हुए हैं, जिससे तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है और अंतरराष्ट्रीय बाजार पर इसका असर पड़ रहा है।
छगन भुजबल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार दूसरे देशों के संपर्क में हैं और भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा तेल उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहे हैं। अगर पेट्रोल और डीजल के दाम दो-तीन रुपए बढ़े भी हैं, तब भी भारत की स्थिति कई देशों की तुलना में बेहतर है।
केरोसिन की उपलब्धता को लेकर भी छगन भुजबल ने बताया कि महाराष्ट्र में फिलहाल करीब 3.45 हजार किलोलीटर केरोसिन उपलब्ध है और कई जिलों में इसका वितरण भी शुरू कर दिया गया है।
छगन भुजबल ने कहा कि पहले की तरह केरोसिन विक्रेताओं की पूरी वितरण प्रणाली को फिर से सक्रिय किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों तक आसानी से केरोसिन पहुंच सके। उन्होंने यह भी बताया कि जो लोग केरोसिन बेचने के लिए आगे आ रहे हैं, उन्हें तुरंत परमिट देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए छगन भुजबल ने कहा कि धान, मक्का और अन्य फसलों की खरीद भारत सरकार द्वारा तय न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जाती है। इसके लिए राज्य की फेडरेशन और आदिवासी मंडल जैसे संगठन किसानों से उपज खरीदने का काम करते हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों का करीब 3,200 करोड़ रुपए का भुगतान बाकी है। यह रकम केंद्र सरकार से आने में देरी हो रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों को राहत देने के लिए राज्य सरकार की ओर से तुरंत भुगतान करने की अनुमति दे दी है। इससे किसानों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
नक्सलवाद के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए छगन भुजबल ने कहा कि देश में नक्सलवाद लगभग खत्म हो चुका है और इसमें महाराष्ट्र भी शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य में नक्सली गतिविधियां अब काफी हद तक समाप्त हो चुकी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 May 2026 8:13 PM IST












