भारत को मिली विश्व एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप 2028 की मेजबानी, खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने जताई खुशी
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया है कि साल 2028 में होने वाली विश्व एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी भारत करेगा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि यह चैंपियनशिप का आयोजन ओडिशा के भुवनेश्वर में किया जाएगा।
खेल मंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, "पूरी दुनिया भारत आ रही है। यह जानकर बहुत खुशी हुई कि ओडिशा का भुवनेश्वर शहर 2028 वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल वैश्विक मंच पर अपने पदकों की संख्या बढ़ा रहा है, बल्कि बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में भी उभर रहा है।"
विश्व एथलेटिक्स के अधिकारियों ने पोलैंड में हुई बैठक में भारत को 2028 इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी का अधिकार सौंपा। यह निर्णय 2025 की प्रतियोगिता से ठीक पहले लिया गया, जिसमें अगला आयोजन तोरण (पोलैंड) में 2026 में होने वाला है। भुवनेश्वर में एथलेटिक्स के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं वाला कलिंगा इंडोर एथलेटिक्स स्टेडियम इस आयोजन का मुख्य स्थल रहेगा।
आयोजन की पुष्टि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने की है। संघ के अध्यक्ष ने बताया कि यह भारत को अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतिष्ठा में और मजबूती देगा। यह पहला अवसर है जब भारत किसी प्रमुख विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। आयोजन से न सिर्फ खेल प्रेमियों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि युवा एथलीटों के लिए प्रेरणा और देश में एथलेटिक्स को लोकप्रिय बनाने में भी मदद मिलेगी।
विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमारिवाला ने बताया कि इस साल जनवरी में विश्व एथलेटिक्स की दो सदस्यीय टीम भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में बनी अत्याधुनिक इंडोर सुविधाओं का जायजा लेने गई थी। उल्लेखनीय है कि भारत से पहले न्यूजीलैंड ने भी इस प्रतियोगिता की मेजबानी करने में दिलचस्पी दिखाई थी। विश्व एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप का आयोजन हर दो साल में होता है। इस टूर्नामेंट में आमतौर पर 26 स्पर्धाएं होती हैं। 26 में से 13 स्पर्धाओं में पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जबकि 13 स्पर्धाओं में महिलाएं अपना दमखम दिखाती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 10:43 PM IST












