भारत में मुसलमान असुरक्षित महसूस कर रहा, भाजपा शासित राज्यों में बुरे हालात मौलाना मुश्ताक
हैदराबाद, 29 सितंबर (आईएएनएस)। तहरीक मुस्लिम शब्बान के अध्यक्ष मौलाना मुश्ताक मलिक ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में अल्पसंख्यकों विशेषकर मुसलमानों को कठिनाइयों और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संवैधानिक सुरक्षा की मांग की।
मौलाना मुश्ताक मलिक ने आईएएनएस से कहा, "भारतीय जनता पार्टी के शासन वाले राज्यों में मुसलमानों का जीवन बहुत मुश्किल हो गया है। जहां भी एसआईआर हुआ है, जैसे असम और बंगाल में मुसलमानों को बाहर निकाला जा रहा है और डिटेंशन सेंटर में भेजा जा रहा है। पश्चिम बंगाल में मुस्लिम इलाकों में पानी तक बंद कर दिया गया है। मस्जिद गिराए जा रहे हैं, मॉब लिंचिंग हो रही है। टोपी पहनकर और दाढ़ी रखकर ट्रेनों में चलना और आम सड़कों पर चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया है। मुस्लिमों के घर तोड़े जा रहे हैं। एक बार में 200 घरों वाली मुस्लिम बस्तियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। मुसलमान इस वक्त देश में सुरक्षित नहीं हैं।"
मौलाना मुश्ताक मलिक ने कहा, "मसलमान भारत को सबसे सुरक्षित देश मानता था, इसलिए 1947 में पाकिस्तान जाने के बजाय भारत में रहने का निर्णय लिया था। भारत को अपना मुल्क समझा। इस देश के लिए आरएसएस के लोगों से अधिक हमारे समाज के लोगों ने कुर्बानी दी है। इस देश के लिए हमने धर्म युद्ध का ऐलान किया था लेकिन आज हमसे कहा जा रहा है कि यह देश तुम्हारा नहीं है। जिन्होंने देश के लिए गद्दारी की, वह आज मुसलमानों से वंदे मातरम पर बात करते हैं। कोई गीत गाना देशभक्ति नहीं है। अब्दुल हमीद की तरह देश की रक्षा करना देशभक्ति है। फिलहाल आज इस देश में मुसलमान असुरक्षित महसूस कर रहा है।"
इससे पहले हैदराबाद में मौलाना मुश्ताक मलिक ने कहा था, "हाल ही में दिल्ली की मदीना मस्जिद और कोलकाता एयरपोर्ट की जामा मस्जिद को गिरा दिया गया। असल में, ऐसा लगता है कि आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी ने देश को संभालने की अपनी सारी कोशिशें और क्षमताएं खत्म कर ली हैं। अब, गैरकानूनी होने के नाम पर उन्होंने मस्जिदों की ओर अपना ध्यान केंद्रित किया है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Sept 2026 1:45 PM IST












