भारत ने पाकिस्तान हाई कमीशन के कार्यवाहक राजदूत को किया तलब, नौसेना यूनिट्स के गैर पेशेवर आचरण पर जताया ऐतराज

भारत ने पाकिस्तान हाई कमीशन के कार्यवाहक राजदूत को किया तलब, नौसेना यूनिट्स के गैर पेशेवर आचरण पर जताया ऐतराज
भारत ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के चार्ज डी'अफेयर्स (कार्यवाहक राजदूत) को विदेश मंत्रालय में तलब किया। मामला पाकिस्तानी नौसेना के गैर पेशेवर रवैए से जुड़ा है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। भारत ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के चार्ज डी'अफेयर्स (कार्यवाहक राजदूत) को विदेश मंत्रालय में तलब किया। मामला पाकिस्तानी नौसेना के गैर पेशेवर रवैए से जुड़ा है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

एमईए के अनुसार, नई दिल्ली में पाकिस्तान के हाई कमीशन के चार्ज डी'अफेयर्स को आज विदेश मंत्रालय में तलब किया गया। उनसे समुद्र में पाकिस्तानी नौसेना की यूनिट्स के अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर व्यवहार पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। इस रवैए के कारण भारतीय नौसेना की एक यूनिट के साथ टक्कर हुई थी।

इसमें आगे बताया गया कि हालांकि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई इस घटना से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पाकिस्तानी नौसेना का आचरण अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की अग्रिम सूचना पर हुए समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन था।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान के चार्ज डी'अफेयर्स को सलाह दी गई कि वे "संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक यह बात पहुंचाएं कि ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए सभी सैन्य यूनिट्स को उचित सावधानी बरतने को कहें और दोनों पक्षों के बीच संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करें।"

साथ ही इस्लामाबाद में भारत के चार्ज डी'अफेयर्स को भी निर्देश दिया गया है कि वे पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का विरोध दर्ज कराएं।

15 सितंबर की शाम उत्तर अरब सागर में भारतीय नौसेना के एक फ्रंटलाइन युद्धपोत और पाकिस्तान नौसेना के एक जहाज के बीच टक्कर हो गई थी। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज एक नियमित निगरानी मिशन पर तैनात भारतीय युद्धपोत के बेहद करीब तेज गति से आया और इस दौरान उसने गैर-पेशेवर अंदाज अपनाया। इसी वजह से दोनों जहाजों की टक्कर हुई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Sept 2026 1:30 PM IST

Tags

Next Story