भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दर्ज की टी20 इतिहास में अपनी दूसरी बड़ी जीत
हरारे, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज का दूसरा मैच 90 रन के अंतर से अपने नाम किया। यह टीम इंडिया की इस देश के विरुद्ध टी20 इतिहास में दूसरा सबसे बड़ी जीत है।
भारत ने 7 जुलाई 2024 को इसी मैदान पर जिम्बाब्वे के खिलाफ 100 रन से जीत हासिल की थी। उस मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 235 रन का टारगेट रखा था, जिसके जवाब में मेजबान टीम 18.4 ओवरों में सिर्फ 134 रन पर सिमट गई।
भारतीय टीम 26 फरवरी 2026 को इस देश के खिलाफ चेन्नई में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मैच को 72 रनों के अंतर से जीती थी। वहीं, 6 नवंबर 2022 को भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 71 रन से मुकाबला अपने नाम किया था। 17 जुलाई 2015 को टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध मैच 54 रन से जीता था।
यह टी20 क्रिकेट में जिम्बाब्वे की चौथी सबसे बड़ी हार है। इस देश को इतिहास की सबसे बड़ी शिकस्त टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मिली थी, जब वेस्टइंडीज ने उसे 107 रन से रौंदा था। वहीं, साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया ने इस टीम को हरारे में 100 रन से शिकस्त दी थी। इतने ही अंतर से भारतीय टीम साल 2024 में जिम्बाब्वे को मात दे चुकी है। साल 2011 में पाकिस्तान ने इस देश के खिलाफ 85 रन से जीत हासिल की थी।
शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 219 रन बनाए। मेहमान टीम की तरफ से ईशान किशन ने सर्वाधिक 81 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 60 रन की नाबाद पारी खेली।
इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवरों में सिर्फ 129 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए ब्रायन बेनेट ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि तादिवानाशे मारुमानी ने 24 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि यश ठाकुर और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट निकाले।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 July 2026 10:26 PM IST












