भरत तिवारी एनकाउंटर मामला परिजनों और ग्रामीणों ने न्यायिक जांच आयोग के सामने दर्ज कराए बयान, न्याय की मांग
आरा, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में गठित न्यायिक जांच आयोग के सामने बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों ने अपने बयान दर्ज कराए। इस दौरान भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी और विस्थापित गांव की रहने वाली ललिता देवी ने आयोग के समक्ष घटना से जुड़ी जानकारी साझा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने कहा कि उन्होंने न्यायिक जांच आयोग को पूरी घटना के बारे में विस्तार से बताया है। उन्होंने दावा किया, "भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण किया था, लेकिन फिर भी उन्हें आगे ले जाकर गोली मार दी गई। आयोग के साथ करीब 30 मिनट तक बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने घटना के सभी पहलुओं को रखा।"
चंदन तिवारी ने बताया, "आयोग ने उन्हें जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है और दोषियों के खिलाफ कदम उठाने की बात कही है। हमारी मांग है कि मामले में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। जब तक गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक मैं पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो सकता।"
उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली जाने के दौरान उनसे कोई नेता या अधिकारी मिलने नहीं आया। चंदन तिवारी ने कहा, "उन्हें बिहार सरकार से न्याय की उम्मीद कम है, लेकिन भारत सरकार से उन्हें न्याय की उम्मीद है। मेरा परिवार चाहता है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।"
वहीं, गांव की महिला ललिता देवी ने भी न्यायिक जांच आयोग के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उन्होंने आयोग को घटना के बारे में बताया और न्याय की मांग की। ललिता देवी ने दावा किया कि उन्होंने अपनी आंखों से देखा कि पुलिस ने भरत तिवारी को गोली मारी।
ललिता देवी के अनुसार, घटना के दौरान भरत तिवारी ने कुछ मांगें रखी थीं और जब एक अधिकारी ने उन्हें पूरा करने की बात कही तो उन्होंने अपनी पिस्तौल फेंक दी थी। इसके बाद भी पुलिस ने कथित रूप से उनकी पिस्तौल उठाकर उन्हें तीन गोलियां मार दीं। उन्होंने दावा किया कि गोली लगने के बाद भी भरत तिवारी ने नारे लगाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद प्रशासन ने गुस्से में भरत तिवारी को गाड़ी में धकेल दिया। ललिता देवी ने कहा कि भरत तिवारी ने गांव के लिए कई काम किए थे और स्थानीय लोगों के बीच उनकी अलग पहचान थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 July 2026 8:48 PM IST












