भारती सिंह छोटी उम्र में उठा पिता का साया, बेटी हुनर के दम पर बनी 'कॉमेडी क्वीन'
मुंबई, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय मनोरंजन जगत की सबसे मशहूर और सफल हास्य कलाकारों में से एक, जिन्हें 'कॉमेडी क्वीन' के नाम से भी जाना जाता है, भारती सिंह एक लोकप्रिय स्टैंड-अप कॉमेडियन, अभिनेत्री और टेलीविजन होस्ट हैं।
भारती का जन्म 3 जुलाई 1984 को अमृतसर के एक बेहद साधारण पंजाबी परिवार में हुआ था। भारती के दो बड़े भाई-बहन हैं। हालांकि, उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ तब टूटा जब मात्र 2 वर्ष की उम्र में उनके पिता का निधन हो गया। भारती ने पंजाब से ही ग्रेजुएशन पूरी की है।
भारती ने अपने करियर की शुरुआत 2008 में स्टार वन के 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' शो से बतौर एक प्रतियोगी के रूप में की, जहां उनकी हास्य प्रतिभा को काफी सराहा गया और वह दूसरी रनर-अप रहीं।
इसके बाद भारती ने एक के बाद एक कई कॉमेडी और रिएलिटी शो के साथ टीवी प्रोग्राम में अपनी होस्टिंग और कॉमेडी के हुनर का जलवा बिखेरा और लोगों के बीच पहचान बनाई, जिनमें 'द कपिल शर्मा शो', 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ', 'लाफ्टर शेफ्स', 'कॉमेडी सर्कस', 'खतरा खतरा खतरा', 'बिट्टू बक-बक', 'झलक दिखला जा', 'हुनरबाज', 'खतरों के खिलाड़ी' आदि शामिल हैं।
भारती सिंह के 'बिट्टू', 'लल्ली' जैसे किरदार आज भी लोगों के जहन में जिंदा है, जिसके जरिए उन्होंने घर-घर में अपनी खास पहचान बनाई। 30 जून को भारती के एक काफी लोकप्रिय टीवी शो 'लाफ्टर शेफ्स-अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट' के सीजन 3 का सफर समाप्त हुआ है, जिसका प्रसारण कलर्स टीवी पर किया जा रहा था। इस शो की होस्ट भारती सिंह थी और इसे मशहूर शेफ हरपाल सिंह सोखी जज करते थे, जिसमें टीवी और सोशल मीडिया के मशहूर कलाकार हंसी-मजाक के बीच स्वादिष्ट व्यंजन बनाने की चुनौती स्वीकार करते थे।
भारती सिंह ने 3 दिसंबर 2017 को अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड और प्रसिद्ध टीवी लेखक व होस्ट हर्ष लिंबाचिया से शादी की और उनके दो बेटे हैं, जिनका नाम लक्ष्य लिंबाचिया (गोला) और यशवीर लिंबाचिया (काजू) हैं। वह अपने परिवार के साथ मुंबई में रहती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 4:16 PM IST












