बंगाल चुनाव भवानीपुर से कांग्रेस ने प्रदीप प्रसाद को मैदान में उतारा
भवानीपुर, 29 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को 284 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। बंगाल की सबसे हॉट सीट में शामिल भवानीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने प्रदीप प्रसाद को टिकट थमाया है। इस सीट पर प्रदेश की मुखिया ममता बनर्जी और भाजपा के प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी भी चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी की घोषणा के बाद से इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद बढ़ गई है।
भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिलने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने टिकट के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का घर भवानीपुर में है। मेरा घर भी भवानीपुर में ही है। मैं बाहर से नहीं आया हूं। ममता बनर्जी ने 15 सालों तक पश्चिम बंगाल को लूटा है। उनके खिलाफ हमारा आंदोलन 365 दिनों से चल रहा है। अब, हमारी लड़ाई पश्चिम बंगाल के लिए है। पश्चिम बंगाल के हर कोने में कांग्रेस कार्यकर्ता ममता बनर्जी के खिलाफ लड़ रहे हैं।
विधानसभा चुनाव लड़ने के मुद्दे पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मैं पार्टी का एक सिपाही हूं। आलाकमान की ओर से निर्देश दिया गया था कि बंगाल के सभी वरिष्ठ नेताओं को चुनाव लड़ना चाहिए। मैंने सोचा कि क्यों न मैं चुनाव में उतरूं। पार्टी के निर्देशों के अनुसार, मैंने सोचा कि जब स्थिति कठिन है, तो मुझे जमीन पर उतरकर लड़ना चाहिए और पार्टी की मदद करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव ठीक से नहीं कराए जाते, लेकिन फिर भी मेरी आदत लड़ना है। मैंने इतने साल लड़ते हुए बिताए हैं, मैं लड़ता रहूंगा।
बताते चलें कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि विधानसभा चुनाव में वे टीएमसी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। पार्टी ने लिस्ट जारी कर साफ कर दिया है कि वे अपनी विचारधारा पर बंगाल का चुनाव लड़ेंगे।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं। राज्य में दो चरणों में मतदान हो रहा है। 23 और 29 अप्रैल को मतदान होने वाला है जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 11:12 PM IST












