भोपाल के एमपीनगर में हाई वोल्टेज ड्रामा, क्लब के बाहर युवतियों में हुई मारपीट

भोपाल के एमपीनगर में हाई वोल्टेज ड्रामा, क्लब के बाहर युवतियों में हुई मारपीट
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपीनगर इलाके में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक क्लब के बाहर चार युवतियों के बीच जमकर हाथापाई हो गई। घटना देर रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।

भोपाल, 30 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपीनगर इलाके में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक क्लब के बाहर चार युवतियों के बीच जमकर हाथापाई हो गई। घटना देर रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, एमपीनगर स्थित ड्रैगन हॉर्स क्लब के बाहर बीच सड़क पर चार युवतियां आपस में भिड़ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी युवतियां नशे की हालत में थीं और मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक युवती के हाथ की उंगली कटकर अलग हो गई, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अभी तक युवतियों के बारे में कुछ खास जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवती का हाल जाना। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 16 मार्च को भोपाल में कोलार स्थित डी-मार्ट के सामने एक ट्रैफिक सिपाही और रेलवे की महिला कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हो गई थी। विवाद की शुरुआत रेलवे कर्मियों की बस रोकने को लेकर हुई थी। ​आरोप था कि ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने महिला कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की।

इसके जवाब में बस में सवार महिलाओं ने भी सिपाही के साथ सड़क पर ही मारपीट की थी। वहीं, महिलाओं पर सिपाही की वर्दी फाड़ने का आरोप लगा था। हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद दोनों पक्ष कोलार थाने पहुंच गए थे, जहां रेलवे कर्मियों ने आरोप लगाया था कि सिपाही ने मर्यादा लांघी थी। पुलिस ने इस मामले की सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू की थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 March 2026 10:19 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story