भोपाल में जैन संत विद्यासागर पर स्मारक डाक टिकट जारी, सीएम मोहन यादव रहे मौजूद

भोपाल में जैन संत विद्यासागर पर स्मारक डाक टिकट जारी, सीएम मोहन यादव रहे मौजूद
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित समारोह में जैन संत विद्यासागर पर डाक टिकट का विमोचन किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव मौजूद रहे, वहीं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्चुअल जुड़े। भोपाल के एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में केंद्रीय संचार मंत्रालय द्वारा आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृति में पांच रुपए मूल्य के स्मारक डाक टिकट (मिनिएचर शीट) का विमोचन किया गया।

भोपाल 27 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित समारोह में जैन संत विद्यासागर पर डाक टिकट का विमोचन किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव मौजूद रहे, वहीं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्चुअल जुड़े। भोपाल के एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में केंद्रीय संचार मंत्रालय द्वारा आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृति में पांच रुपए मूल्य के स्मारक डाक टिकट (मिनिएचर शीट) का विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्मारक डाक टिकट के विमोचन में सहभागिता की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि महानता यूं ही अर्जित नहीं होती, इसके लिए निःस्वार्थ भाव से सम्पूर्ण जीव-जगत के हित में प्राण-प्रण से जीवन साधना करनी पड़ती है। सच्ची महानता किसी पद-प्रतिष्ठा या सम्पत्ति के वैभव प्रदर्शन में नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और परम ज्ञान से जीवों के कल्याण (परोपकार) में है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संत आचार्य विद्यासागर महाराज तप, त्याग, संयम और करुणा की साक्षात् प्रतिमूर्ति थे। दिगम्बर जैनाचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन मूल्यों का स्मरण करते हुए उनकी स्मृति में भारतीय डाक विभाग ने स्मारक डाक टिकट जारी किया है। आचार्य विद्यासागर महाराज ने सूर्य के समान हम सभी को आशीर्वाद प्रदान किया। सूर्य के प्रकाश में सप्त रंग शामिल होते हैं, लेकिन वे दिखाई नहीं देते हैं, इसके लिए प्रिज्म की आवश्यकता होती है। उसी प्रकार आचार्य विद्यासागर भौतिक शरीर से हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन वे वायु और सूर्य के सप्त रंगों के समान हमारे आसपास मौजूद हैं। उनका आशीर्वाद आज भी हम सभी को मिल रहा है। विद्यासागर महाराज ने अपना घर-परिवार त्यागकर तपोसाधना, भक्ति और जनकल्याण का मार्ग चुना था। उन्होंने अमीर हों या गरीब, समाज के हरेक व्यक्ति के जीवन में 'जियो और जीने दो' के भाव को चरितार्थ कर दिखाया।

इससे पहले, मुख्यमंत्री यादव ने पूज्य संत समय सागर महाराज के पाद प्रक्षालन किए। तत्पश्चात आयोजकों द्वारा तैयार किए गए आचार्य विद्यासागर जी महाराज के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर चित्र का अनावरण भी किया।

इस अवसर पर दिगम्बर जैन पंचायत समिति के पदाधिकारियों ने दिगंबर जैनाचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन-दर्शन, पशु कल्याण, सामाजिक कार्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story