राजनीति: मध्य प्रदेश पचमढ़ी में मोहन यादव सरकार की कैबिनेट बैठक

भोपाल 2 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार की पहचान नवाचारों के लिए बन रही है। इसी क्रम में मंगलवार को राज्य सरकार की कैबिनेट की बैठक पचमढ़ी में होने जा रही है। यह स्थान गोंड शासक राजा भभूत सिंह के शौर्य और पराक्रम की स्मृति से जुड़ा हुआ है।
आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि मंगलवार को पचमढ़ी में हो रही मंत्रि-परिषद की बैठक विशेष रूप से जनजातीय समाज और शौर्य पराक्रम के प्रतीक रहे राजा भभूत सिंह की स्मृति को समर्पित होगी, जिनकी ऐतिहासिक भूमिका को मंत्रि-परिषद की बैठक के दौरान पुनः स्मरण किया जाएगा।
पचमढ़ी गोंड शासक राजा भभूत सिंह के ऐतिहासिक योगदान को समेटे हुए है। उन्होंने इस पहाड़ी भूभाग का उपयोग शासन संचालन, सुरक्षा और सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा के लिए किया। पचमढ़ी भगवान भोलेनाथ की नगरी के रूप में भी प्रसिद्ध है।
यहां की धूपगढ़ चोटी समुद्र तल से लगभग 1,350 मीटर (4,429 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है। यह स्थल सतपुड़ा पर्वतमाला का प्रमुख आकर्षण है। धूपगढ़ से दिखाई देने वाला सूर्योदय और सूर्यास्त न केवल पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करता है, बल्कि यह स्थल गोंड साम्राज्य की रणनीतिक शक्ति और प्राकृतिक संरक्षण दृष्टिकोण को भी दर्शाता है। पचमढ़ी मध्यप्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन भी है।
मंत्रि-परिषद की बैठक का आयोजन प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। यह पचमढ़ी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को सम्मानित करने का अवसर है।
दरअसल, राज्य सरकार लगातार विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों पर कैबिनेट की बैठकें कर रही है। अभी हाल ही में रानी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती से पहले कैबिनेट की बैठक इंदौर के राजबाड़ा में आयोजित की गई थी। इतना ही नहीं, मंत्रिमंडल के सदस्यों ने इंदौर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण भी किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Jun 2025 6:31 PM IST