बिहार 97.84 लाख लाभार्थियों को मिलेगी 1,100 रुपए मासिक पेंशन, 10 जुलाई को 1,423.94 करोड़ रुपए होंगे हस्तांतरित
पटना, 9 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं के सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 1,100 रुपये की पेंशन राशि भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि इससे लाभार्थियों को नियमित और समयबद्ध आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
सीएम के मुताबिक, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत राज्य के कुल 97.84 लाख लाभार्थियों के खातों में इस माह 1,423.94 करोड़ रुपये की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग प्रदान करना है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समय पर पेंशन राशि मिलने से वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सुविधा होगी तथा उनकी आर्थिक चिंताओं में भी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री ने इसे 'बिहार पेंशन दिवस' के अवसर पर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए कहा कि सरकार समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह पहल सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2026 10:45 PM IST












