बिहार अररिया में धान की रोपाई के लिए जा रहा ट्रैक्टर पलटा, तीन महिलाओं की मौत
अररिया, 14 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के अररिया जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन मजदूर घायल हो गए। हादसा भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया हनुमानगंज गांव में उस समय हुआ जब धान की रोपनी के लिए महिला मजदूरों को लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गया। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा भरगामा प्रखंड के सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या-14 में सुबह हुआ।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर सवार सभी मजदूर धान की रोपनी के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार कई महिला मजदूर उसके नीचे दब गईं, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ट्रॉली के नीचे फंसी महिलाओं को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस हादसे में मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी की मौत हो गई। मृतक महिलाओं की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली के नीचे दबने से 8 से 10 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 July 2026 4:19 PM IST












