बिहार बांकीपुर उपचुनाव के लिए राजद ने रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार, महागठबंधन में मतभेद से किया इनकार

बिहार बांकीपुर उपचुनाव के लिए राजद ने रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार, महागठबंधन में मतभेद से किया इनकार
पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सोमवार को अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी। पार्टी ने एक बार फिर रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।

पटना, 6 जुलाई (आईएएनएस)। पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सोमवार को अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी। पार्टी ने एक बार फिर रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उम्मीदवार के नाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी महागठबंधन की ओर से रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया गया था और इस बार भी पार्टी ने उन्हें ही टिकट देने का निर्णय लिया है।

मंगनी लाल मंडल ने कहा, "बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में रेखा कुमारी गुप्ता महागठबंधन की उम्मीदवार थीं। उन्हें करीब 47 हजार वोट मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रही थीं। पार्टी ने उनके पिछले प्रदर्शन और क्षेत्र में सक्रियता को देखते हुए एक बार फिर उन्हें उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।"

उन्होंने कहा कि पार्टी का मानना है कि इस बार बांकीपुर की जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी और राजद की उम्मीदवार को जीत दिलाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटने की अपील भी की।

महागठबंधन के भीतर सीट को लेकर कांग्रेस के दावे संबंधी सवाल पर मंगनी लाल मंडल ने किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सहयोगी दलों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है।

उन्होंने कहा, "हम लोग एक हैं और मिलकर चुनाव लड़ेंगे।"

बांकीपुर विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई है। निर्वाचन आयोग की ओर से उपचुनाव की अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

इस सीट पर जन सुराज पार्टी पहले ही अपने प्रमुख चेहरे प्रशांत किशोर को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। वहीं, अन्य दल भी अपने-अपने उम्मीदवारों के साथ चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव को बिहार की राजनीति का सबसे प्रतिष्ठित और बहुचर्चित मुकाबला माना जा रहा है। अब सभी की नजरें भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार की घोषणा और आगामी चुनावी मुकाबले पर टिकी हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 July 2026 6:59 PM IST

Tags

Next Story