नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, मीनाक्षी नटराजन बोलीं- अमृतकाल में बन रहे चोरी के नए कीर्तिमान

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, मीनाक्षी नटराजन बोलीं- अमृतकाल में बन रहे चोरी के नए कीर्तिमान
मध्य प्रदेश कांग्रेस की तरफ से भोपाल में पार्टी के तमाम नेताओं की मौजूदगी में मीनाक्षी नटराजन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान नीट पेपर लीक के खिलाफ बोलते हुए उन्होंने कहा कि अमृतकाल के नाम पर रोज नए चोरी के कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं, जो चिंता पैदा कर रहे हैं।

भोपाल, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश कांग्रेस की तरफ से भोपाल में पार्टी के तमाम नेताओं की मौजूदगी में मीनाक्षी नटराजन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान नीट पेपर लीक के खिलाफ बोलते हुए उन्होंने कहा कि अमृतकाल के नाम पर रोज नए चोरी के कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं, जो चिंता पैदा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लाडली बहना की बात हो रही है, लेकिन दो लड़कियों ने आत्महत्या कर ली। पूरे देश में 12 बच्चों ने आत्महत्या कर ली है। यह दुखद है। उन्होंने इसके पीछे सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।

आईएएनएस से बातचीत में मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि तीन मुद्दों को लेकर हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की दो बच्चियों ने आत्महत्या कर ली। पेपर लीक के कारण छात्र परेशान हैं। 'छात्रों की गूंज' इसके लिए ही आयोजित किया जा रहा है। 9 अगस्त को हम सभी दिल्ली पहुंच रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि 14-15 जुलाई को इंदौर से भोपाल एक विशाल साइकिल यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें जेनजी छात्रों से जुड़ने की अपील की जा रही है। इसके साथ ही हम किसानों के मामले को लेकर और मुख्यमंत्री के परिवार द्वारा भूमि घोटाले के आरोपों को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं और इसको लेकर आगे बढ़ेंगे।

'छात्रों की गूंज' अभियान के शहर समन्वयक और कांग्रेस कार्यकर्ता अंशुल त्रिवेदी ने कहा कि 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जो भारत के 28 शहरों में एक साथ चलाया जा रहा है। इसकी तीन मुख्य मांगें हैं, पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय की जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें; राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) पर प्रतिबंध लगाया जाए; और परीक्षाओं तथा भर्तियों के लिए एक नियमित और पारदर्शी कैलेंडर जारी किया जाए।

उन्होंने कहा कि इन मांगों के साथ हम नुक्कड़ सभाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और घर-घर जाकर अभियान चलाकर देशभर के छात्रों और युवाओं तक पहुंच रहे हैं। तीस दिनों तक यह कार्यक्रम चलेगा। इस दौरान हम तमाम छात्रों से मिलेंगे, उन्हें अपनी समस्याएं रखने का मंच दिया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 July 2026 8:00 PM IST

Tags

Next Story