बिहार भरत तिवारी मामले में धमकी के आरोप निराधार, भोजपुर पुलिस ने किया खंडन

बिहार भरत तिवारी मामले में धमकी के आरोप निराधार, भोजपुर पुलिस ने किया खंडन
बिहार के भोजपुर में कथित पुलिस मुठभेड़ में भरत तिवारी की मौत को लेकर आरोप -प्रत्यारोप जारी है। इस बीच, भोजपुर पुलिस ने भरत तिवारी मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) पर मृतक के भाई चंदन तिवारी को डराने-धमकाने के लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताया है।

आरा, 27 जून (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर में कथित पुलिस मुठभेड़ में भरत तिवारी की मौत को लेकर आरोप -प्रत्यारोप जारी है। इस बीच, भोजपुर पुलिस ने भरत तिवारी मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) पर मृतक के भाई चंदन तिवारी को डराने-धमकाने के लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताया है।

पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों पर प्रसारित खबरों का खंडन करते हुए कहा कि मामले को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है।

शनिवार को जारी आधिकारिक बयान में भोजपुर पुलिस ने कहा कि पुलिस अधीक्षक मृतक भरत तिवारी के परिजनों से केवल संवेदना व्यक्त करने और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उनका पक्ष जानने के उद्देश्य से उनके आवास पर गए थे। पुलिस का उद्देश्य पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाना था।

बयान के मुताबिक, मुलाकात के दौरान शाहपुर थाना की पुलिस टीम के साथ एक महिला सिपाही भी मौके पर मौजूद थी। पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान मृतक के परिजनों ने स्वयं पुलिस अधीक्षक को भीड़ से कुछ दूरी पर अलग होकर बात करने का संकेत दिया था। इसके बाद मात्र तीन-चार कदम की दूरी पर उनसे बातचीत की गई। इस दौरान परिजनों ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया।

भोजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि एकांत में बातचीत के दौरान किसी भी प्रकार की धमकी देने, दबाव बनाने या डराने-धमकाने का आरोप पूरी तरह असत्य है।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के आरोपों का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है। बयान में यह भी कहा गया कि ऐसा प्रतीत होता है कि चंदन तिवारी द्वारा दिया गया बयान किसी बाहरी तत्व के बहकावे में आकर सामने आया है।

पुलिस ने कहा कि भोजपुर पुलिस मृतक भरत तिवारी के परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विधिसम्मत जांच के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि जिम्मेदार अधिकारियों की छवि धूमिल करने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

गौरतलब है कि इससे पहले मृतक भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने आरोप लगाया था कि एसपी ने उन्हें अलग ले जाकर डराया धमकाया, जिसकी कई मीडिया ने खबरें प्रसारित की थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Jun 2026 8:34 PM IST

Tags

Next Story