बिहार भोजपुर में मां-बेटे की हत्या, बड़े बेटे और बहू से पूछताछ

बिहार  भोजपुर में मां-बेटे की हत्या, बड़े बेटे और बहू से पूछताछ
बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मंगलवार देर रात मां और बेटे की हत्या कर दी गई। दोनों की हत्या धारदार हथियार और हथौड़े से हमला कर की गई। पुलिस को घटनास्थल से खून लगा हथौड़ा मिला है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद की आशंका जताई गई है। इस मामले में मृतक के बड़े बेटे और बहू से पूछताछ की जा रही है।

आरा, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मंगलवार देर रात मां और बेटे की हत्या कर दी गई। दोनों की हत्या धारदार हथियार और हथौड़े से हमला कर की गई। पुलिस को घटनास्थल से खून लगा हथौड़ा मिला है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद की आशंका जताई गई है। इस मामले में मृतक के बड़े बेटे और बहू से पूछताछ की जा रही है।

मृतकों की पहचान तेंदुनी गांव के वार्ड नंबर-7 निवासी स्वर्गीय विश्वामित्र सिंह की पत्नी रामवती कुंवर (55) और उनके छोटे बेटे सुनील कुमार (25) के रूप में हुई है। जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि मंगलवार और बुधवार की रात करीब दो बजे पुलिस को तेंदुनी मोहल्ले में दो लोगों की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वह थानाध्यक्ष और पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान रामवती कुंवर और सुनील कुमार की हत्या की पुष्टि हुई।

टनास्थल का निरीक्षण करने के बाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा हथौड़ा भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम के दौरान दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है।

एसडीपीओ ने बताया कि मृतक सुनील कुमार का बड़ा भाई दिनेश कुमार शादीशुदा है और उसकी पत्नी का नाम शांति देवी है। प्रारंभिक जांच में परिवार के बीच संपत्ति को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि हत्या की वजह संपत्ति विवाद है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए दिनेश कुमार और उसकी पत्नी शांति देवी को थाने लाया गया है। दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि पुलिस को दिनेश के घर में खून के निशान धोने के साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस अन्य संभावित आरोपितों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। एसडीपीओ ने कहा कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story