बिहार सीएम सम्राट चौधरी ने हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की

बिहार सीएम सम्राट चौधरी ने हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण जिला के सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

पटना, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण जिला के सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी ममता चौधरी एवं उनके बच्चे सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। इस संबंध में मुख्‍यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को जानकारी दी।

बाबा हरिहरनाथ मंदिर, सोनपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर समिति के आयोजकों द्वारा अंग वस्त्र पुष्प गुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। पटना से सोनपुर जाने के क्रम में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और जिंदाबाद का नारा लगाया।

इस अवसर पर विधायक कृष्ण कुमार मंटू, विधायक जनक सिंह, विधायक राजेश सिंह, विधायक छोटी कुमारी, सच्चिदानंद राय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक नीलेश कुमार, सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

बाद में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर तस्‍वीर साझा करते हुए लिखा कि सोनपुर स्थित सुप्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पावन धाम में सपरिवार को विधि विधान से दर्शन-पूजन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

उन्‍होंने एक्स पोस्ट में आगे लिखा कि सोनपुर में गंगा एवं गंडक नदी के संगम पर स्थित प्राचीन बाबा हरिहरनाथ शिवलिंग विश्व का एकमात्र ऐसा शिवालय है, जिसके आधे भाग में शिव (हर) और शेष में विष्णु (हरि) का वास है। बाबा हरिहरनाथ की असीम कृपादृष्टि निरंतर समस्त प्रदेशवासियों पर बनी रहे, यही मंगलकामना है। हर-हर महादेव।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 April 2026 8:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story