बिहार गयाजी में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 8 देशी कट्टे व 4 कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
गयाजी, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के सिमरौरा गांव से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो किशोरों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों और हथियार तस्करों के खिलाफ लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ से सूचना मिली कि सिमरौरा गांव निवासी सनोवर खान अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए है।
सूचना के सत्यापन के बाद नीमचक बथानी थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर सनोवर खान के मकान की घेराबंदी की। मकान खुलवाने पर कमरे में चार लोग मौजूद मिले।
पूछताछ में उनकी पहचान सनोवर खान और अल्तमश खान तथा दो किशोरों के रूप में हुई। सभी सिमरौरा गांव के रहने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में रखे एक ट्रंक के अंदर एक झोले से आठ देशी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा, चारों के पास से एक-एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि बरामद हथियारों के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दोनों किशोरों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
इस संबंध में नीमचक बथानी थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका संबंध किसी हथियार तस्कर गिरोह या अन्य आपराधिक नेटवर्क से है या नहीं। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 9:57 PM IST












