बिहार कटिहार सड़क हादसे पर तेजस्वी यादव ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की मांग

बिहार कटिहार सड़क हादसे पर तेजस्वी यादव ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की मांग
बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक यात्री बस और पिकअप वैन के बीच हुई टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर दुख जताया है।

कटिहार, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक यात्री बस और पिकअप वैन के बीच हुई टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर दुख जताया है।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि कटिहार में बस और पिकअप में टक्कर से हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना दुःखद और पीड़ादायक है। इस भयावह हादसे में 10 लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है।

उन्होंने कहा कि शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा पीड़ित परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

तेजस्वी यादव ने कहा कि शासन-प्रशासन पीड़ित परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता तथा अविलंब घायलों के बेहतर उपचार का प्रबंध करें। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना गेड़ाबाड़ी की है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बसगाड़ा चौक बकरी फार्म के पास हुई। इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि पिकअप सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर लौट रहे थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी। इस आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। कटिहार पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि आज शनिवार को कटिहार जिले के थाना कोढ़ा क्षेत्र अंतर्गत गेड़ाबाड़ी के समीप एक बस एवं पिकअप वाहन के बीच भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें अब तक 10 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। दुर्घटना में घायल लगभग 25 व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

पुलिस का दावा है कि घटनास्थल पर विधि-व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रण में है तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू किया जा रहा है। इधर, सभी शवों को पुलिस अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। घटना के तुरंत बाद पुलिस पहुंच गई और राहत और बचाव में जुट गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 April 2026 10:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story