बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों को अब मिलेगी जेड श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था
पटना, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में नई सरकार के गठन के बाद उप मुख्यमंत्री बने विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अब दोनों उपमुख्यमंत्रियों को जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का सरकार ने निर्णय लिया है। राज्य के गृह विभाग ने इसे लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी है।
अधिसूचना के अनुसार, दोनों उपमुख्यमंत्रियों विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को अब ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के विशिष्ट व्यक्तियों के सुरक्षा वर्गीकरण के लिए विशेष शाखा, बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना की राज्य सुरक्षा समिति की संपन्न बैठक में की गई अनुशंसाओं के बाद यह निर्णय लिया गया।
‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा में प्रशिक्षित कर्मियों की एक समर्पित टीम शामिल होती है, जो उन्नत हथियारों से लैस होती है। इधर, नीतीश के करीबी और उनके गृह जिला निवासी विधायक और पूर्व मंत्री श्रवण कुमार को भी वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। उन्हें एस्कॉर्ट के साथ वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला लिया गया है।
इसके अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की सुरक्षा में कमी की गई है। उन्हें अब जेड प्लस की श्रेणी की सुरक्षा के स्थान पर अब उन्हें भी जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जदयू नेता निशांत को अब जेड श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सदस्य हैं। उन्हें हाल में राज्य सरकार द्वारा ‘जेड-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।
बिहार में 15 अप्रैल को पहली बार भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार बनी है। सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं। अभी सम्राट चौधरी के साथ सिर्फ दो उपमुख्यमंत्रियों ने ही शपथ ली है। कहा जा रहा है कि अन्य राज्यों में रह रहे चुनाव के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
--आईएएनएस
एमएनपी/वीसी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 April 2026 4:12 PM IST












