बिहार के हाजीपुर में गंगा के कटाव ने बदली छठ पूजा की परंपरा, 20 गांवों के श्रद्धालु घरों में बनाएंगे कृत्रिम घाट

हाजीपुर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के हाजीपुर में गंगा नदी में कटाव और बाढ़ की तबाही का असर अब लोक आस्था के महापर्व छठ पर भी दिखाई देने लगा है। कभी गंगा किनारे स्थित घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते थे, लेकिन इस बार हालात पूरी तरह बदल गए हैं। नदी में लगातार हो रहे कटाव के कारण करीब 20 गांवों के लोगों को अपने पारंपरिक छठ घाटों से दूरी बनानी पड़ रही है। सुरक्षा को देखते हुए इन गांवों के श्रद्धालु अब अपने घरों और गांवों में ही कृत्रिम छठ घाट बनाकर पूजा-अर्चना करने की तैयारी कर रहे हैं।
अजय पासवान ने बताया कि बाढ़ और गंगा नदी में लगातार हो रहे कटाव के कारण इलाके के करीब 20 गांव प्रभावित हुए हैं। देसरी, सहदेई, गनियारी, खड़गपुर और आजमपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोग वर्षों से गंगा किनारे स्थित घाटों पर छठ महापर्व मनाते आ रहे हैं। इस दौरान गांव के लोग परिवार और आसपास के श्रद्धालुओं के साथ गंगा घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते थे। इससे घाटों पर सामूहिक पूजा का विशेष माहौल रहता था।
उन्होंने बताया कि इस बार गंगा नदी में भीषण कटाव के कारण पुराने घाटों पर जाना सुरक्षित नहीं रह गया है। नदी के किनारे लगातार जमीन का कटाव हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं के लिए घाट तक पहुंचना जोखिम भरा हो गया है। ऐसे में सभी प्रभावित गांवों के लोगों ने अपने-अपने गांवों में कृत्रिम छठ घाट बनाने का निर्णय लिया है।
वहीं, मंजय कुमार राम ने बताया कि गंगा नदी में तेजी से कटाव हो रहा है। इसके कारण नदी किनारे बसे इलाकों में लगातार खतरा बना हुआ है। ऐसे हालात में इस बार गंगा घाट पर जाकर छठ पूजा करना संभव नहीं है। श्रद्धालु अपने घरों में ही पानी की व्यवस्था कर कृत्रिम घाट बनाएंगे और विधि-विधान से भगवान सूर्य की उपासना करेंगे।
गंगा किनारे छठ पूजा करना इन गांवों के लोगों की वर्षों पुरानी परंपरा रही है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ घाटों पर पहुंचकर छठी मइया की आराधना करते थे। हालांकि, प्राकृतिक आपदा और नदी के कटाव ने इस बार इस परंपरा के स्वरूप को बदल दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि छठ महापर्व आस्था, विश्वास और प्रकृति की उपासना का पर्व है। पूजा का स्थान बदलने से उनकी आस्था में कोई कमी नहीं आएगी। श्रद्धालु सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए घरों और गांवों में ही पूजा करेंगे। हालांकि, गंगा किनारे सामूहिक रूप से छठ मनाने की पुरानी रौनक और घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ इस बार जरूर कम दिखाई देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
