बिहार मंदार पर्वत वायरल वीडियो मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, दो विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध

बिहार  मंदार पर्वत वायरल वीडियो मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, दो विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक मंदार पर्वत परिसर से जुड़े युवती के साथ अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में शामिल चार विधि-विरुद्ध बालकों में से दो को भी निरुद्ध किया गया है।

बांका, 27 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक मंदार पर्वत परिसर से जुड़े युवती के साथ अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में शामिल चार विधि-विरुद्ध बालकों में से दो को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से मंदार पर्वत परिसर का एक आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद बौंसी थाना में मामला दर्ज कर जांच और छापेमारी शुरू की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी, मानवीय और पारंपरिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, बौंसी थाना कांड संख्या 248/26 में मो. अब्दुल्ला तथा कांड संख्या 253/26 में घटना के मुख्य आरोपी अनंत कुमार और विभीषण कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में अनंत कुमार (19), विभीषण कुमार (20) और मो. अब्दुल्ला (21) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान के आधार पर सामने आया कि वह बौंसी बाजार से दूध देकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान उसी गांव के अनंत और विभीषण ने घर छोड़ने की बात कहकर उसे दोपहिया वाहन पर बैठाया और एक सुनसान स्थान पर ले गए।

पुलिस का कहना है कि वहां युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की गई। इसी दौरान वहां पांच अन्य युवक पहुंचे और दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इस दौरान एक युवक ने वीडियो बना लिया। जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि वीडियो वायरल नहीं करने के बदले रुपये की मांग की गई थी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में बौंसी थाना में पीड़िता की मां के बयान पर 25 सितंबर को बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में बांका साइबर थाना में भी मामला दर्ज किया गया है और कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि जिले के पर्यटन, धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मंदार पर्वत, जेठोरनाथ मंदिर और ओढ़ानी डैम समेत ऐसे सभी स्थलों का सूचीकरण किया जा रहा है। इन स्थानों पर ‘पुलिस दीदी’ और अन्य माध्यमों से नियमित गश्ती की व्यवस्था की जाएगी। त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस बल को मोटरसाइकिल से लैस कर सक्रिय सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Sept 2026 4:51 PM IST

Tags

Next Story