बिहार में बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों का तबादला, पटना सहित कई जिलों को मिले नए डीएम
पटना, 18 जून (आईएएनएस)। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के कई अधिकारियों का तबादला एवं नई पदस्थापना की अधिसूचना जारी की है। इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है, जबकि विभिन्न विभागों और निगमों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा गुरुवार की रात जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को अपर मुख्य सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्थु को संसदीय कार्य विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहेल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग एवं जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी जारी रहेगा।
पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। खगड़िया के जिलाधिकारी नवीन कुमार को विशेष सचिव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग बनाया गया है। नालंदा के जिलाधिकारी कुन्दन कुमार को पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। सामाजिक सुरक्षा निदेशक धर्मेन्द्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड का अध्यक्ष बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव छिरिंड वाई. भूटिया को जहानाबाद का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह को नालंदा का जिलाधिकारी बनाया गया है जबकि पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। निबंधन महानिरीक्षक-सह-उत्पाद आयुक्त अंशुल अग्रवाल को बांका का जिलाधिकारी बनाया गया है। जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय को भागलपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक समीर सौरभ को गोपालगंज का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। कृषि विभाग के निदेशक सौरभ सुमन यादव को पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) का जिलाधिकारी बनाया गया है। जहानाबाद जिला परिषद की उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. प्रीति को आईसीडीएस का निदेशक नियुक्त किया गया है।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक नवीन कुमार को किशनगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है। प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरकर को खगड़िया का जिलाधिकारी बनाया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय के संयुक्त सचिव दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास (सासाराम) का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी चन्द्रिमा अत्री को समाज कल्याण विभाग का निदेशक बनाया गया है। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को आगामी विकास एवं प्रशासनिक प्राथमिकताओं के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Jun 2026 12:07 AM IST












