बिहार में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को मनाया जाएगा पंचायत विकास दिवस सीएम सम्राट चौधरी
मुंगेर, 28 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को राज्य में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पंचायतों को गरीबी मुक्त, स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। पहले आयोजन की थीम 'महिला हितैषी पंचायत' रखी गई है।
मुंगेर जिले के टेटिया बम्बर प्रखंड स्थित टेटिया ग्राम पंचायत में 'पंचायत विकास दिवस' का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में हर महीने के अंतिम रविवार को पंचायत प्रतिनिधि, पदाधिकारी और ग्रामीण एक साथ बैठकर विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' भी सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह 'सहयोग शिविर' के माध्यम से लाखों लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया गया, उसी प्रकार 'पंचायत विकास दिवस' ग्रामीण विकास का प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, जल प्रबंधन, स्वच्छता, हरित विकास, सामाजिक न्याय और सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों पर नियमित समीक्षा और व्यापक विमर्श होगा।
उन्होंने सांसद, विधायक, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य और पंच सहित सभी जनप्रतिनिधियों से ग्राम सभाओं के माध्यम से अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और समृद्ध बिहार का सपना तभी साकार होगा, जब गांव और पंचायतें आत्मनिर्भर बनेंगी।
महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि पहले 'पंचायत विकास दिवस' की थीम 'महिला हितैषी पंचायत' रखी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल और 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास और गरीबों के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। राज्य सरकार भी 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है तथा भविष्य में सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, विकास परियोजनाओं को गति देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। 15 अगस्त से ऐसी व्यवस्था लागू करने का लक्ष्य है, जिससे अनुमंडल एवं जिला अस्पतालों में ही मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित हो और अनावश्यक रेफरल की आवश्यकता न पड़े।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 4:29 PM IST












