बिहार मेला देखकर लौट रहे तीन दोस्तों की कार दुर्घटना में मौत, चौथे की खोज जारी

बिहार मेला देखकर लौट रहे तीन दोस्तों की कार दुर्घटना में मौत, चौथे की खोज जारी
बिहार के मधेपुरा जिले के अरार थाना क्षेत्र में एक कार दुर्घटना में तीन दोस्तों की मौत हो गई। सभी दोस्त एक कार से मेला देखकर वापस लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की देर रात 12 बजे के बाद अरार पुल की है।

मधेपुरा, 28 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मधेपुरा जिले के अरार थाना क्षेत्र में एक कार दुर्घटना में तीन दोस्तों की मौत हो गई। सभी दोस्त एक कार से मेला देखकर वापस लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की देर रात 12 बजे के बाद अरार पुल की है।

बताया जाता है कि राम नवमी के मौके पर गवालपारा में मेला का आयोजन किया गया था। मधेपुरा से चार दोस्त देर शाम गवालपारा मेला देखने गए थे और रात को एक कार से वापस लौट रहे थे। बताया गया कि जब कार अरार पुल के समीप पहुंची, तो चालक का कार पर से नियंत्रण हट गया और कार अनियंत्रित होकर एक पोल तोड़ते हुए सुरसर नदी में जा गिरी। इस घटना में तीन दोस्तों की मौत हो गई।

कहा जा रहा है कि कार में चार लोग सवार थे, लेकिन अब तक एक व्यक्ति का पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ की टीम चौथे युवक की तलाश में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी शवों को बाहर निकाला।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मृतकों की पहचान मधेपुरा स्टेशन चौक वार्ड 23 निवासी घनश्याम कुमार (28), सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी अंकित कुमार (26), सौर बाजार थाना क्षेत्र के वसंत कुमार (23) के रूप में हुई है। कार को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सभी युवक अच्छे दोस्त थे और साथ में मेला देखने गए थे। घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 March 2026 12:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story