बिहार मोतिहारी में 4.95 लाख रुपये के जाली नोट बरामद, एक गिरफ्तार

मोतिहारी, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4.95 लाख रुपये के भारतीय जाली नोट बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात तुरकौलिया थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा जाली नोटों का हेरफेर किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उसके सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेमरा स्टेशन के समीप वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर उनमें से एक व्यक्ति मौके से फरार होने में सफल रहा, जबकि दूसरे को पुलिस टीम ने पकड़ लिया।
दिलीप कुमार के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शेख अयनुल के रूप में हुई है। वह पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के जनरवा गांव का निवासी है। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से जाली नोटों के 10 बंडल बरामद हुए। इनकी कुल कीमत 4 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि बरामद नोटों को जब्त कर लिया गया है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि जाली नोट कहां से लाए गए थे और इनके जरिए किन लोगों तक पहुंचने की योजना थी। साथ ही फरार व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में तुरकौलिया थानाध्यक्ष रणजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रेणु कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार और जिला आसूचना इकाई, मोतिहारी की टीम शामिल थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जाली नोटों के स्रोत और इस कथित कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
