बिहार पटना में गैराज संचालक हत्याकांड के आरोपी सौरभ सिंह को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के बख्तियारपुर में रविवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान रामकृष्ण नगर में गैराज संचालक अंजनी कुमार की गोली मारकर हत्या के मुख्य आरोपी सौरभ सिंह के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, सौरभ सिंह को रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस ने एक दिन पहले गिरफ्तार किया था। रविवार सुबह पुलिस उसे हथियार बरामद करने और उसकी निशानदेही पर हथियार छिपाने की जगह की पहचान कराने के लिए बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा मोड़ के पास लेकर पहुंची थी।
इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर झाड़ी के पास छिपाकर रखा गया हथियार निकाल लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में रामकृष्ण नगर थाने की गाड़ी के बोनट के नीचे हेडलाइट के पास गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें सौरभ के घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे काबू में कर लिया गया।
घायल आरोपी को पहले बख्तियारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को पटना के एनएमसीएच भेजे जाने की जानकारी दी गई है। इस कार्रवाई में एसटीएफ बाढ़, एसडीपीओ-2 और बख्तियारपुर थाने की पुलिस शामिल रही।
एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर गई थी। इसी दौरान उसने हथियार निकालकर पुलिस पर गोली चला दी, जिसके जवाब में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि आरोपी के हथियार तक पहुंचने और पुलिस अभिरक्षा के दौरान फायरिंग करने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। सौरभ सिंह रामकृष्ण नगर इलाके में गैराज संचालक अंजनी कुमार की हत्या का मुख्य आरोपी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
