बिहार पुलिस हिरासत में आत्महत्या के मामले में थानाध्यक्ष सहित दो पुलिसकर्मी निलंबित
कटिहार, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के कटिहार जिले के फलका थाना हाजत में बंद एक कैदी की कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या के मामले में फलका थानाध्यक्ष सहित दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बताया जाता है कि पुलिस की एक टीम शुक्रवार रात में कटिहार जिला के फलका थाना कांड संख्या-36-26 में लूट के मामले के आरोपी गोपालपट्टी के रहने वाले राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर थाना हाजत में रखा गया था। हाजत में रहने के दौरान आरोपी द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया गया। इसके बाद थाना पुलिस द्वारा उसे तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों द्वारा बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कटिहार रेफर किया गया तथा इसी क्रम में उसकी मृत्यु हो गई।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर 2 द्वारा की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष, फलका एवं कांड के अनुसंधानकर्ता को निलंबित किया गया तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच, इस घटना के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों ने जमकर उत्पात मचाया। सैकड़ों लोगों ने थाने का घेराव कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले राकेश यादव को गिरफ्तार किया गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उसके साथ थाने में बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि मारपीट के कारण उसके शरीर में अंदरूनी चोटें लगीं, जिनकी वजह से उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि अगर वह अपराधी था, तो उसे अदालत में पेश किया जाता, लेकिन पुलिस ने उसे पीट-पीटकर जान से मार दिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 9:08 PM IST










