आईपीएल 2026 एमआई के खिलाफ सर्वाधिक जीत के मामले में 'नंबर-2' बनी डीसी

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 8वें मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। यह एमआई के खिलाफ डीसी की 38वें मैच में 17वीं जीत रही। इसी के साथ दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी एमआई के विरुद्ध सर्वाधिक मैच जीतने वाली टीमों की फेहरिस्त में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। उनके अलावा, पंजाब किंग्स की टीम एमआई के विरुद्ध 34 मुकाबलों में 17 मैच जीत चुकी है।
इस लिस्ट में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) शीर्ष पर है, जिसने मुंबई इंडियंस के विरुद्ध 39 में से 18 मैच अपने नाम किए हैं। इस लिस्ट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (34 मुकाबलों में 15 जीत), जबकि राजस्थान रॉयल्स (30 मुकाबलों में 14 जीत) क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। एमआई की तरफ से रोहित शर्मा ने 26 गेंदों में सर्वाधिक 35 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 51 रन टीम के खाते में जोड़े।
विपक्षी खेमे से मुकेश कुमार ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, लुंगी एनगिडी, अक्षर पटेल, विपराज निगम और टी नटराजन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 18.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। डीसी की तरफ से पाथुम निसांका ने 30 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 44 रन बनाए, जबकि समीर रिजवी ने 51 गेंदों में 7 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 90 रन बनाए। डेविड मिलर ने 21 रन की नाबाद पारी खेली।
शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स (+1.170 नेट रन रेट) आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पायदान पर पहुंच गई है, जबकि दो में से एक हार के साथ मुंबई इंडियंस -0.206 नेट रन रेट के साथ छठे स्थान पर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 9:43 PM IST










