छत्तीसगढ़ दंतेवाड़ा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई, 2.5 लाख से अधिक का सामान जब्त
दंतेवाड़ा, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन (रापुसे) के मार्गदर्शन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राहुल उयके (रापुसे) के पर्यवेक्षण में सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
शनिवार को थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम पातररास पटवारी कालोनी के आगे एक घर में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब डंप की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही घर के पास खड़े एक व्यक्ति ने अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तलाशी ली तो घर के एक कमरे में छिपाकर रखी 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। साथ ही मौके से एक हीरो होंडा ग्लेमर मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी-05सी-1162) और एक एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक सीजी-17-केडी-4044) भी जब्त कर ली गई।
जप्त की गई अवैध शराब और दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 53 हजार 200 रुपए बताई गई है। पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 36 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक गुरूवन्ता बर्गे, सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र भारती, आरक्षक मनोज नेगी और आरक्षक कमलेश कोमरे की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और जिले को अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस की यह मुहिम और तेज की जाएगी।
अवैध शराब के कारोबारियों को चेतावनी देते हुए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि ऐसे किसी भी अवैध कार्य में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छानबीन कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 10:04 PM IST










