बिहार प्रेम प्रसंग में सनकी प्रेमिका बनी कातिल, पांच वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोप में गिरफ्तार
मोतिहारी, 29 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया थाना क्षेत्र के हीरापट्टी गांव में हुई पांच साल की मासूम अंशिका कुमारी की नृशंस हत्या के मामले का मोतिहारी पुलिस ने रविवार को खुलासा किया है।
पुलिस ने अपने खुलासे में ऐसी कहानी ग्रामीणों के सामने लाई कि सहसा लोगों को विश्वास नहीं हुआ। इस मामले में पुलिस ने 20 वर्षीय एक युवती को गिरफ्तार किया है। उन्होंने अपना अपराध भी कबूल कर लिया है। बताया जा रहा है कि प्यार में मिली रुसवाई और प्रेमी के परिजनों के व्यवहार से क्षुब्ध होकर सनकी प्रेमिका ने पांच साल की बच्ची का चाकू से गला रेत कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
सिकरहना के पुलिस उपाधीक्षक उदय शंकर ने इस मामले का खुलासा करते हुए कहा कि तकनीकी जांच के आधार पर कातिल तक पहुंचा गया। इंटरनेट डेटा शेयरिंग और वायरल ऑडियो क्लिप ने आरोपी तक पहुंचने में मदद की। पिछले 20 मार्च को पांच वर्षीय बच्ची अंशिका घर से गायब हुई थी।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन दो दिन बाद 22 मार्च को गांव के ही एक खेत में अंशिका का गला कटा हुआ शव बरामद किया गया था। दरअसल, एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी जिसमें मृतका की आवाज थी। पुलिस ने जब तकनीकी जांच शुरू की, तो पता चला कि यह ऑडियो जिस मोबाइल से वायरल किया गया, उसे इस्तेमाल करने के लिए दूसरे मोबाइल से इंटरनेट डेटा लिया गया था।
यहीं से पुलिस की जांच का रुख आरोपी के घर की ओर मुड़ा। आरोपी युवती का गांव के ही नीतीश कुमार से 2024 से प्रेम प्रसंग था। इस बात को लेकर नीतीश के दादाजी के साथ उसका विवाद और मारपीट हुई थी। शिल्पी ने बदला लेने के लिए पहले नीतीश के दादाजी को जला कर मार दिया और गांव में कई जगह आगजनी भी की।
युवती को शक था कि अंशिका की मां उसके खिलाफ अपने परिजनों को भड़काती है और उसकी शिकायत करती है। पुलिस उपाधीक्षक ने दावा किया कि सनकी प्रेमिका ने अपने प्रेमी को पाने की खातिर हत्या, आग लगाने जैसी लगभग 18 आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। लेकिन वह सीधे सामने नहीं आई। आरोपी के पास से दो चाकू, दो मोबाइल सिम और खून से सना हुआ कपड़ा बरामद किया गया है। आरोपी ने फ्लिपकार्ट से चाकू मंगवाकर उसी से हत्या की थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 9:17 PM IST












