बिहार पूर्णिया के बाढ़ प्रभावित इलाकों में नाव से पहुंचे सांसद पप्पू यादव, पीड़ितों से मिलकर दी आर्थिक सहायता
पूर्णिया, 12 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के रूपौली विधानसभा अंतर्गत बाढ़ प्रभावित कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गम्भीर है। कोयली सिमरा पूरब पंचायत के कौसकीपुर गांव में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शनिवार को प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। संपर्क मार्ग बाधित होने के कारण वह नाव के जरिए गांव पहुंचे और बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं।
इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को अपनी ओर से तत्काल नकद आर्थिक सहायता भी प्रदान की। पप्पू यादव ने कहा कि बाढ़ की वजह से गांव का संपर्क पूरी तरह प्रभावित है और बड़ी संख्या में परिवार मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियों, राहत की जरूरत और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सड़क और बिजली की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात की और आवागमन तथा बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि बाढ़ की इस कठिन घड़ी में कोई भी प्रभावित परिवार खुद को अकेला न समझे। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने का सिलसिला जारी है। उनके मुताबिक, एक दिन पहले भी प्रतिनिधियों के माध्यम से गांव में सूखा राहत सामग्री भेजी गई थी और आगे भी जरूरत के मुताबिक राहत एवं सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
पप्पू यादव ने कहा कि बाढ़ का पानी केवल घरों में नहीं घुसा है, बल्कि इससे हजारों परिवारों की रोजी-रोटी और भविष्य भी प्रभावित हुआ है। किसी का घर बाढ़ में बह गया है तो किसी के सामने रोजगार और जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों का दर्द उनका अपना दर्द है और जब तक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचती रहेगी, वे उनके साथ खड़े रहेंगे। बाढ़ प्रभावित इलाकों में सरकारी राहत व्यवस्था को लेकर उन्होंने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित क्षेत्रों में लगाए गए सरकारी कैंप महज खानापूर्ति का जरिया बनकर रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनता को परेशानी में छोड़कर केवल औपचारिक राहत व्यवस्था से काम नहीं चलेगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपने हितों को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक निर्णय लें। पप्पू यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की तत्काल जरूरतों को पूरा करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राहत कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित गांवों में आवागमन बहाल करने और बिजली जैसी जरूरी सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और राहत एवं सहायता का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Sept 2026 3:27 PM IST












