बिहार एसएसबी ने अवैध तरीके से भारत में प्रवेश कर रहे चीनी नागरिक को पकड़ा

बिहार एसएसबी ने अवैध तरीके से भारत में प्रवेश कर रहे चीनी नागरिक को पकड़ा
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा में तैनात 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने रक्सौल-वीरगंज मैत्री पुल पर एक चीनी नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते हुए हिरासत में लिया है। पुलिस अब इससे पूछताछ कर रही है।

मोतिहारी, 17 मई (आईएएनएस)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा में तैनात 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने रक्सौल-वीरगंज मैत्री पुल पर एक चीनी नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते हुए हिरासत में लिया है। पुलिस अब इससे पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि पकड़ा गया विदेशी नागरिक बिना वैध भारतीय वीजा के बिहार में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को खिलौना व्यवसाय से जुड़ा व्यापारी बताया। वह काठमांडू पहुंचने के बाद 11 मई को नेपाल के चितवन क्षेत्र में पहुंचा था और बाद में वीरगंज होते रक्सौल बॉर्डर के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहा था। वह जब बॉर्डर में प्रवेश कर रहा था, तब मैत्री पुल से भारतीय कस्टम एरिया से रक्सौल शहर की ओर बढ़ने के दौरान उसे हिरासत में लिया गया। वह केवल चीनी भाषा में ही बोल रहा है, इससे पूछताछ में दिक्कत आ रही है।

हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान चीन के रहने वाले याओ सु जांग (57) के रूप में की गई है। उसके पास से चीनी पासपोर्ट संख्या ईजे 0138408 बरामद किया गया। जांच के दौरान वह भारत में प्रवेश से संबंधित कोई वैध वीजा दस्तावेज नहीं दिखा पाया। सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए चीनी नागरिक के भारत आने के वास्तविक उद्देश्य, उसके संपर्कों तथा संभावित गतिविधियों की जांच में जुट गई हैं।

पूछताछ के बाद कानूनी कार्रवाई के लिए उसे संबंधित थाना को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। रक्सौल के एक अधिकारी ने बताया कि एक चीनी नागरिक को अवैध रूप से बिहार में प्रवेश करते हुए हिरासत में लिया गया है, जिसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी गंभीरता से इस मामले की जांच में जुटी हैं। सीमावर्ती क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध प्रवेश की घटनाओं पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 May 2026 2:43 PM IST

Tags

Next Story