प्रधानमंत्री मोदी के हर दौरे से भारत में आता है अरबों रुपए का निवेश तरुण चुघ

प्रधानमंत्री मोदी के हर दौरे से भारत में आता है अरबों रुपए का निवेश तरुण चुघ
भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें सीएम मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों पर सवाल उठाए थे।

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें सीएम मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों पर सवाल उठाए थे।

तरुण चुघ ने आईएएनएस से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे पर्यटन या मौज-मस्ती के लिए नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के हित और देश के भविष्य के लिए होते हैं। प्रधानमंत्री के हर दौरे से भारत में अरबों रुपए का निवेश आता है और लाखों नौकरियों के अवसर पैदा होते हैं।

उन्होंने भगवंत मान पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग खुद पंजाब की जनता का पैसा विलासिता पर खर्च कर रहे हैं और राज्य के विमान का इस्तेमाल टैक्सी की तरह कर रहे हैं, उन्हें प्रधानमंत्री के विदेश दौरों पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या बढ़ रही है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान इन मुद्दों की बजाय राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के सामने मौजूद चुनौतियों को अवसर में बदलने का काम कर रहे हैं, जबकि विपक्ष केवल बहाने बनाने में लगा है।

बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छह-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय यात्रा की आलोचना करते हुए तंज कसते हुए पूछा, "प्रधानमंत्री वर्क फ्रॉम होम क्यों नहीं करते?"

तरुण चुघ ने पाकिस्तान और आतंकवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस और विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 'नया भारत' आतंकवाद पर केवल डोजियर नहीं, बल्कि निर्णायक कार्रवाई में विश्वास रखता है।

तरुण चुघ ने कहा कि भारतीय सेना को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए फैसले लेने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है और आज दुश्मन देश भी भारत की सैन्य शक्ति से भयभीत हैं। उन्होंने सेना प्रमुख की चेतावनी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब हर आतंकी हमले का जवाब उसी भाषा में देता है, जिसे पाकिस्तान की सत्ता और सेना समझती है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी नेता पाकिस्तान की भाषा बोलते नजर आते हैं।

वहीं हैदराबाद में भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पांच दिवसीय विदेश दौरे के दौरान दुनिया को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मौजूदा युद्ध और वैश्विक तनाव जल्द नहीं रुके, तो पूरी दुनिया सप्लाई चेन, खाद्य सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा जैसे गंभीर संकटों का सामना कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश गहरी सोच और दूरगामी प्रभाव वाला है, जिसे पूरी दुनिया गंभीरता से देख रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 May 2026 2:56 PM IST

Tags

Next Story