गणित अब आसान है, जीत के साथ हम प्लेऑफ में पहुंच जाएंगे पार्थिव पटेल

गणित अब आसान है, जीत के साथ हम प्लेऑफ में पहुंच जाएंगे पार्थिव पटेल
गुजरात टाइटंस (जीटी) के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने कहना है कि शनिवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मिली हार के बावजूद ड्रेसिंग रूम में कोई घबराहट नहीं है। उन्होंने कहा कि टीम चीजों को आसान रखना चाहती है और ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह बनाना चाहती है।

कोलकाता, 17 मई (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस (जीटी) के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने कहना है कि शनिवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मिली हार के बावजूद ड्रेसिंग रूम में कोई घबराहट नहीं है। उन्होंने कहा कि टीम चीजों को आसान रखना चाहती है और ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह बनाना चाहती है।

पार्थिव के मुताबिक, गुजरात टाइटंस प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के नतीजे पर निर्भर नहीं है और यह एक बड़ी राहत की बात है। जीटी को ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 21 मई को खेलना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए पार्थिव ने कहा, " यह हमारे लिए एक आसान समीकरण है। हमें दूसरे नतीजों की भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह हमारे हाथ में है। अगर हम मैच जीतते हैं, तो हम क्वालिफाई कर लेंगे। मुझे नहीं लगता कि हमें दूसरे नतीजों के बारे में सोचना होगा। हमारे लिए यह आसान गणित है।"

उन्होंने आगे कहा, "हम इसे जितना हो सके आसान रखने की कोशिश करते हैं। हम अपनी ताकत और कमजोरियों को जानते हैं। हम अपनी ताकत पर काम करना चाहते हैं और यह पक्का करना चाहते हैं कि हम कम गलतियां करें। हालांकि, मैच ऐसा है कि कभी-कभी आप गलतियां करते हैं, लेकिन हमारा प्लान चीजों को मुश्किल नहीं बनाना है और उन्हें आसान रखना है।"

आईपीएल 2026 के 60वें मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 247 रन लगाए। केकेआर की ओर से फिन एलन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 93 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, अंगकृष रघुवंशी ने 44 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 82 रन बनाए। अंत के ओवरों में कैमरून ग्रीन ने 28 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए।

248 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 218 रन ही बना सकी। शुभमन गिल ने 49 गेंदों में 85 रनों की धमाकेदार पारी खेली, तो साई सुदर्शन ने 28 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए। वहीं, जोस बटलर ने 35 गेंदों में 57 रनों का योगदान दिया। हालांकि, टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बावजूद जीटी लक्ष्य से 29 रन दूर रह गई। गुजरात टाइटंस के 13 मुकाबलों में 16 प्वाइंट्स हैं और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए टीम को अगला मैच हर हाल में जीतना होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 May 2026 2:50 PM IST

Tags

Next Story