अहमदाबाद गृह मंत्री अमित शाह ने ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ और ‘गणेश रियल एस्टेट मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट’ का लोकार्पण किया
गांधीनगर, 17 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद में 'मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ तथा ‘गणेश रियल एस्टेट मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट’ का लोकार्पण किया।
इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जिस प्रकार गुजरात ने आजादी के समय से देश का नेतृत्व किया है, उसी प्रकार टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी गुजरात देश का नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि गुजरातियों के डीएनए में विकास है। ये दोनों प्रोजेक्ट गुजरात को मैन्युफैक्चरिंग हब से आगे बढ़ाकर वैश्विक सेवा और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के विजन को नई दिशा देंगे।
उन्होंने गुजरात को सर्विस सेक्टर में टॉप थ्री में लाने की मंशा व्यक्त करते हुए कहा कि गुजरात ने आर्थिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया है। ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ के माध्यम से राज्य में हजारों युवाओं के लिए उच्च कौशल आधारित रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस टेक पार्क में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर सहित अत्याधुनिक क्षेत्रों में अनुसंधान, नवाचार और टेक्नोलॉजी विकास को प्रोत्साहन दिया जाएगा। राज्य में वैश्विक स्तर की टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम विकसित करने में यह प्रोजेक्ट महत्वपूर्ण साबित होगा।
अमित शाह ने कहा कि ‘गणेश रियल एस्टेट मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट’ रियल एस्टेट क्षेत्र में व्यावसायिकता और आधुनिकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संस्थान में आधुनिक अर्बन प्लानिंग, टेक्नोलॉजी-आधारित पाठ्यक्रम तथा वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण के माध्यम से कुशल मानव संसाधन तैयार किए जाएंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि गुजरात आज टेक्नोलॉजी, उद्योग और आधुनिक बुनियादी ढांचा विकास के क्षेत्र में देश को नई दिशा दे रहा है। ऐसी विशिष्ट संस्थाएं और टेक्नोलॉजी आधारित प्रोजेक्ट्स राज्य को वैश्विक अर्थव्यवस्था में और अधिक मजबूत स्थान दिलाने में सहायक बनेंगे।
गृह मंत्री शाह ने कहा कि वैष्णोदेवी सर्कल के निकट अहमदाबाद-गिफ्ट सिटी-गांधीनगर हाई ग्रोथ कॉरिडोर में लगभग 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही इस टेक सिटी में ग्रेड-ए ऑफिस स्पेस, आवासीय सुविधाएं, रिटेल और हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल किया गया है। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से लगभग 70 हजार से अधिक उच्च कौशल आधारित रोजगार का सृजन होगा।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में गुजरात ने विकास की राजनीति को राष्ट्रीय विचारधारा में परिवर्तित किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात ने मैन्युफैक्चरिंग, पोर्ट, इन्फ्रास्ट्रक्चर, ग्रीन एनर्जी, फार्मा और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। अब राज्य विकास के नए चरण में आईटी, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी आधारित अर्थव्यवस्था की ओर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ गुजरात के टेक्नोलॉजी आधारित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह प्रकल्प केवल रियल एस्टेट प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि हाई स्किल रोजगार सृजन और डिजिटल अर्थव्यवस्था को गति देने वाला केंद्र बनेगा। प्रोजेक्ट के पहले चरण में बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा।
सीएम ने आगे कहा कि डिजिटल इकोनॉमी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और नॉलेज बेस्ड सर्विसेस के क्षेत्र में गुजरात 2.0 का सपना साकार हो रहा है। राज्य सरकार की आईटी पॉलिसी तथा जीसीसी पॉलिसी और केंद्र सरकार की प्रोत्साहक नीतियों के कारण गुजरात में आईटी सेक्टर का तेजी से विकास होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गिफ्ट सिटी आज वैश्विक वित्तीय और टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम के रूप में विकसित हो रही है, जबकि साणंद और धोलेरा एसआईआर क्षेत्र में विकसित हो रही सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम गुजरात को सेमीकंडक्टर हब के रूप में स्थापित करेगी। गिफ्ट सिटी और धोलेरा आने वाले समय में गुजरात के आर्थिक विकास के शक्तिशाली इंजन बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद-धोलेरा के बीच लगभग 20 हजार करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली देश की पहली सेमी हाईस्पीड रेल परियोजना को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर देश-विदेश के निवेश को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
सीएम ने कहा कि अहमदाबाद आज मेट्रो, रिवरफ्रंट, एक्सप्रेस-वे, आधुनिक शहरी सुविधाओं और मजबूत कनेक्टिविटी के साथ देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले शहरों में शामिल हो चुका है। कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण अहमदाबाद वैश्विक शहर के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया ने ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में गुजरात महत्वपूर्ण योगदान देगा और इस आधुनिक प्रकल्प के लिए गणेश ग्रुप के चेयरमैन दीपकभाई पटेल तथा एमडी शेखरभाई पटेल को बधाई दी।
इस कार्यक्रम में आयोजित पैनल डिस्कशन में उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि आने वाला समय गुजरात का है और देश-विदेश से आने वाले निवेशकों तथा उद्योगों के लिए गुजरात पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि गिफ्ट सिटी आने वाले समय में वैश्विक स्तर की कई बड़ी कंपनियों का केंद्र बनने जा रही है। गुजरात आज केवल औद्योगिक विकास में ही नहीं बल्कि टेक्नोलॉजी, वित्तीय सेवाओं और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर गणेश हाउसिंग लिमिटेड के अध्यक्ष दीपकभाई पटेल, प्रबंध निदेशक एवं सीईओ शेखर पटेल, अनमोल पटेल सहित कई उद्योगपति उपस्थित रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 5:37 PM IST











