सिलहट टेस्ट दूसरे दिन का खेल समाप्त, बांग्लादेश ने 3 विकेट पर 110 रन बनाए, पाकिस्तान के खिलाफ कुल बढ़त 156 रन की हुई
सिलहट, 17 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ सिलहट अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन की समाप्ति के समय बांग्लादेश ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। रविवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय बांग्लादेश ने 3 विकेट पर 110 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 156 रन की कर ली थी। बांग्लादेश को पहली पारी में 46 रन की बढ़त मिली थी।
बांग्लादेश की दूसरी पारी की शुरुआत निराशाजनक रही थी। टीम ने तंजीद हसन के रूप में पहला विकेट 15 के स्कोर पर खो दिया था, लेकिन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मोमिनुल हक और महमुदुल हसन जॉय ने तेजी से रन बनाए और दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। जॉय 64 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोमिनुल और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने तीसरे विकेट के लिए 19 रन की साझेदारी की। हक तीसरे विकेट के रूप में 110 के स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने 60 गेंदों पर 30 रन बनाए। हक का विकेट गिरते ही दिन का खेल समाप्त होने की घोषणा कर दी गई। कप्तान शांतो 13 रन पर नाबाद हैं।
पहली पारी में मिले 46 रन की बढ़त के आधार पर, बांग्लादेश की कुल बढ़त 156 रन की हो गई है।
इससे पहले पाकिस्तान की पहली पारी 232 रन पर सिमट गई थी। पाकिस्तान की तरफ से बाबर आजम ने सर्वाधिक 68 रन बनाए। नौवें नंबर पर आए साजिद खान 38 रन बनाकर दूसरे श्रेष्ठ स्कोरर रहे। कप्तान शान मसूद ने 21 और सलमान आगा ने 21 रन बनाए।
बांग्लादेश की तरफ से तस्कीन अहमद और मेहदी हसन मिराज ने 2-2, जबकि नाहिद राणा और ताइजुल इस्लाम ने 3-3 विकेट लिए।
इससे पहले लिटन दास के 126 रनों की बदौलत बांग्लादेश की पहली पारी 278 रनों पर समाप्त हुई थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 6:06 PM IST











