झारखंड में प्रेमी को पुलिस से छुड़ाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी 'प्रेम की दीवानी', पंद्रह दिन में तीन घटनाएं

झारखंड में प्रेमी को पुलिस से छुड़ाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी प्रेम की दीवानी, पंद्रह दिन में तीन घटनाएं
फिल्म 'शोले' में वीरू का पानी की टंकी पर चढ़कर बसंती से शादी की जिद करने वाला फिल्मी ड्रामा तो आपको याद ही होगा, लेकिन झारखंड में इन दिनों प्यार के दीवाने इस रील लाइफ ड्रामे को रियल लाइफ में मोबाइल टावरों पर दोहरा रहे हैं। मोबाइल टावर, जो अब तक सिर्फ नेटवर्क और संचार का जरिया माने जाते थे, झारखंड में इश्क, जिद और ड्रामे के नए ‘स्टेज’ बनते जा रहे हैं।

रांची, 17 मई (आईएएनएस)। फिल्म 'शोले' में वीरू का पानी की टंकी पर चढ़कर बसंती से शादी की जिद करने वाला फिल्मी ड्रामा तो आपको याद ही होगा, लेकिन झारखंड में इन दिनों प्यार के दीवाने इस रील लाइफ ड्रामे को रियल लाइफ में मोबाइल टावरों पर दोहरा रहे हैं। मोबाइल टावर, जो अब तक सिर्फ नेटवर्क और संचार का जरिया माने जाते थे, झारखंड में इश्क, जिद और ड्रामे के नए ‘स्टेज’ बनते जा रहे हैं।

राज्य के अलग-अलग जिलों में पिछले दो सप्ताह के भीतर प्रेम संबंधों को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ने की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा मामला धनबाद जिले के गोमो के सिकलाइन इलाके का है, जहां रविवार को एक युवती अपने प्रेमी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने और उससे शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

युवती की पहचान सहरिया निवासी देवंती कुमारी के रूप में हुई है। वह एक शादीशुदा युवक से प्रेम करती है। युवक को निमियाघाट थाना पुलिस ने किसी मामले में गिरफ्तार किया है। प्रेमी की गिरफ्तारी से आहत युवती रविवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इससे इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

करीब डेढ़ घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान युवती लगातार अपने प्रेमी की रिहाई और उससे शादी कराने की मांग करती रही। सूचना मिलने पर हरिहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित उतारा गया। बाद में उसे थाने ले जाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इससे एक दिन पहले गिरिडीह जिले के निमियाघाट में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां धनबाद के गोविंदपुर निवासी सुनील कुमार महतो नामक युवक अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। युवक करीब सात घंटे तक टावर पर डटा रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। बताया गया कि युवक का प्रेम संबंध अपने ही भाई की साली से था।

इसी तरह की घटना गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र में मई के पहले हफ्ते में सामने आई थी, जब असद्दुल्लाह अंसारी नामक युवक प्रेमिका की दूसरी जगह शादी तय होने से नाराज होकर 145 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। उसने धमकी दी थी कि यदि उसकी शादी प्रेमिका से नहीं कराई गई तो वह कूदकर जान दे देगा। करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और परिजनों ने उसे उतारा था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 May 2026 6:15 PM IST

Tags

Next Story