पश्चिम बंगाल कोलकाता में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव; 3 जवान घायल
कोलकाता, 17 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के कोलकाता के तिलजला इलाके में शनिवार को बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में स्थानीय निवासियों ने पार्क सर्कस सेवन पॉइंट क्रॉसिंग पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर नमाज अदा करने पर कथित पाबंदी को लेकर भी नाराजगी जताई। स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इसके बाद पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए कार्रवाई की और इलाके को खाली कराया। घटना के बाद कोलकाता पुलिस और सुरक्षा बलों ने सुहरावर्दी एवेन्यू के पास स्थित गलियों में गश्त बढ़ा दी है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
एडिशनल एसीपी आशेष बिस्वास ने बताया कि कुछ लोग इकट्ठा होकर पार्क सर्कस इलाके में सड़क जाम करने की कोशिश कर रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया, तो पुलिस पर पत्थर फेंके गए और हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं, हालांकि गिरफ्तार लोगों की संख्या फिलहाल स्पष्ट नहीं की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस को पहले से खुफिया जानकारी मिली हुई थी, जिसके आधार पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसी वजह से कोई बड़ी घटना नहीं हुई। अब तक कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आशेष बिस्वास ने आगे कहा कि इस घटना में पुलिस के तीन जवान घायल हुए हैं। पुलिस ने निर्धारित प्रक्रिया (एसओपी) के तहत कार्रवाई की है और घटना के पीछे शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। इस घटना में कुछ स्थानीय और कुछ बाहरी लोगों के शामिल होने की आशंका है, जिनके नामों का सत्यापन किया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 6:21 PM IST











